परबत्ता के कन्हैयाचक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार रात वारदात; पांच बदमाशों के पहुंचने की बात, पुलिस जांच में जुटी
परबत्ता/खगड़िया। परबत्ता थाना से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्हैयाचक परबत्ता में शनिवार रात बदमाशों ने धावा बोल दिया। हथियार का भय दिखाकर रात्रिकालीन प्रहरी सुधीर कुमार दास को बंधक बनाया और स्कूल के एक कमरे का ताला तोड़कर कंप्यूटर, साउंड सिस्टम समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब लाख रुपये बताई जा रही है।
पांच की संख्या में पहुंचे थे बदमाश
रात्रिकालीन प्रहरी के अनुसार, रात में करीब पांच बदमाश विद्यालय परिसर में पहुंचे। बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद विद्यालय के एक कमरे का ताला तोड़ा और अंदर रखे कंप्यूटर, साउंड सिस्टम सहित अन्य सामान निकाल लिया।
बदमाशों के जाने के बाद प्रधानाध्यापक को दी सूचना
बदमाशों के विद्यालय से निकलने के बाद नाइट गार्ड ने घटना की जानकारी प्रधानाध्यापक राजकमल को दी। साथ ही डायल 112 पर भी सूचना दी गई। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस विद्यालय पहुंची और परिसर में छानबीन शुरू की।
नाइट गार्ड से पूछताछ, कई बिंदुओं पर जांच
पुलिस ने घटना को लेकर नाइट गार्ड से पूछताछ की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और बदमाश किस रास्ते से आए और किस दिशा में फरार हुए। चोरी गए सामान की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। नाइट गार्ड से पूछताछ समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
थाना करीब 100 मीटर दूर, फिर भी बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
घटना का सबसे बड़ा पहलू यह है कि विद्यालय परबत्ता थाना से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद बदमाशों ने रात में स्कूल में प्रवेश कर न सिर्फ चोरी की, बल्कि नाइट गार्ड को हथियार के बल पर बंधक भी बनाया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
पुलिस अब बदमाशों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।

