खगड़िया। राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय, खगड़िया में सोमवार को इंडिया गठबंधन के घटक दलों की आवश्यक बैठक पूर्व खगड़िया लोकसभा प्रत्याशी कॉमरेड संजय कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में “वोट बचाओ-देश बचाओ” अभियान के तहत 8 अक्टूबर को खगड़िया में प्रतिरोध मार्च निकालने का निर्णय लिया गया।
प्रतिरोध मार्च 8 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे गांधी पार्क, बलुआही से शुरू होकर खगड़िया समाहरणालय तक जाएगा। गठबंधन नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान उनका पुतला दहन किया।
SIR को लेकर चुनाव आयोग पर लगाए आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए इंडिया गठबंधन के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी संजय कुमार ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि SIR के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने भाजपा के पक्ष में काम किया।

राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने कहा कि SIR को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि “वोट बचाओ-देश बचाओ” अभियान के तहत 8 अक्टूबर को होने वाला प्रतिरोध मार्च आंदोलन की अगली कड़ी है। उन्होंने आम लोगों से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की।
कांग्रेस ने संविधान और लोकतंत्र का मुद्दा उठाया
कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. चंदन यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने भी चुनाव प्रक्रिया और वोटों को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र और संविधान पर खतरा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रतिरोध मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
भाकपा माले के जिला सचिव शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए संबंधित राज्यों के चुनावों को रद्द कराने की मांग की। CPI नेता रविंद्र यादव ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में विरोध हो रहा है और खगड़िया में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मार्च में शामिल होंगे।
IIP जिलाध्यक्ष मनोज तांती ने कहा कि मताधिकार नागरिकों का अधिकार है और इसकी रक्षा के लिए आंदोलन जरूरी है।
ये नेता रहे मौजूद
बैठक में पूर्व खगड़िया लोकसभा प्रत्याशी इंडिया गठबंधन संजय कुमार, राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. चंदन यादव, CPI(M) नेता सुरेंद्र प्रसाद महतो, CPI नेता रविंद्र यादव, IIP जिलाध्यक्ष मनोज तांती, भाकपा माले जिला सचिव शैलेन्द्र कुमार वर्मा, CPI नेता प्रभाशंकर, राजद जिला महासचिव चंदन सिंह, खगड़िया राजद नगर अध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार, IIP नेता घनश्याम कुशवाहा, मनोहर तांती, CPI नेता मनोज सदा, भाकपा माले नेता सुभाष सिंह और संगठन महासचिव DCC सुभाष रत्न समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

