पटना। बिहार आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास से जुड़े पांच ठिकानों पर गुरुवार सुबह एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और मुंगेर में की जा रही है।
मुजफ्फरपुर के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट के एक फ्लैट से करीब 50 लाख रुपये नकद मिलने की सूचना है। अधिकारियों की मौजूदगी में नोटों की गिनती के लिए मशीन का इस्तेमाल किया गया। तलाशी के दौरान बैंक खातों, आभूषणों, निवेश और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
83.53 लाख की आय से अधिक संपत्ति का आरोप
EOU के अनुसार, प्रारंभिक जांच में नारद कुमार दास के पास उनकी ज्ञात वैध आय से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक की संपत्ति होने की बात सामने आई है। जांच एजेंसी के आकलन के मुताबिक यह राशि ज्ञात आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक है।
इसी आधार पर आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 28/26, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से सर्च वारंट लेने के बाद पांच स्थानों पर कार्रवाई शुरू हुई।
इन जगहों पर चल रही तलाशी
EOU की टीमें भागलपुर स्थित पैतृक आवास, मुंगेर स्थित आवास और सरकारी कार्यालय, मुजफ्फरपुर के राधिका अपार्टमेंट स्थित फ्लैट तथा पटना के रूपसपुर इलाके स्थित आवास पर दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक तलाशी पूरी होने के बाद कुल बरामदगी और अन्य दस्तावेजों का विस्तृत ब्योरा सामने आएगा।

