महमूद आलम
जिला मुख्यालय बिहारशरीफ़ अंतर्गत लहेरी थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर शिवपुरी मोहल्ला में एक बड़ी घटना घटित हुई है। जहां पति के अवैध संबंध का विरोध करना एक महिला को महंगा पड़ गया और उसे जान देकर उसकी कीमत चुकानी पड़ी है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि मृत महिला के पति का दूसरी महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसका वह अक्सर विरोध करती थी। इसी बात को लेकर बीते रात दोनों के बीच नोकझोंक शुरू हुआ और पति ने गुस्से में आकर पत्नी सुमन कुमारी को लोहे के सरिए से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के संबंध में मृतक सुमन कुमारी के बहनोई ने बताया कि अप्रैल 2020 में उनके ससुर महेश प्रसाद ने अपनी बेटी सुमन कुमारी की शादी विष्णु देव प्रसाद के पुत्र डॉ. धीरेंद्र कुमार से किया था। शादी के बाद कुछ महीनों तक सब कुछ ठीक-ठाक चला। इस दौरान महिला एक बच्ची की मां भी बनी। इधर मृतक महिला के पिता ने बताया कि शादी के बाद से उनको आरोपी पति की तरफ से 15 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। जिसको लेकर वह अक्सर उनकी बेटी को प्रताड़ित औऱ मारपीट किया करता था। मृतिका के पिता ने बताया कि उसके दामाद का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध भी था। जिसका विरोध उनकी बेटी अक्सर किया करती थी। लेकिन उनके दामाद ने अपने भाई और पिता की मदद से उनकी बेटी को मौत के घाट उतार दिया।
इधर घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है जबकि आरोपी के भाई और पिता भागने में सफल हो गए। जिनकी पुलिस तालाश कर रही है। मृतिका की मां की माने तो आरोपी पति प्रत्येक छह माह में अपना घर बदलता था। उनकी बेटी ने उनको फोन पर जान से मारने की बात कही थी।