प्रखंड अध्यक्ष अंजू सिंह की अगुवाई में पहुंचे दर्जनों कार्यकर्ता, गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को किया याद
राकेश | बेलदौर, खगड़िया।
बेलदौर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर गुरुवार को शौहरबन्नी गांव में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस मौके पर बेलदौर से लोजपा (रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष अंजू सिंह की अगुवाई में दर्जनों कार्यकर्ता शौहरबन्नी पहुंचे और दिवंगत नेता की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा में रामविलास पासवान के राजनीतिक योगदान, सामाजिक सरोकारों और गरीबों-वंचितों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को याद किया गया। प्रखंड अध्यक्ष अंजू सिंह ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान गरीबों के मसीहा थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों और वंचितों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, विचार और व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके विचारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मंत्री संजय पासवान से मिलकर उठाईं क्षेत्र की समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने बिहार सरकार के गणना एवं उद्योग मंत्री संजय पासवान से मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें बेलदौर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और उनके समाधान के लिए उचित पहल करने का अनुरोध किया।
कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। श्रद्धांजलि सभा में रामविलास पासवान के बताए रास्ते पर चलने और उनके सामाजिक विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया गया।
इस मौके पर लोजपा नेता गौतम पासवान, ललन कुमार, कैलाश पासवान, नीरज कुमार, अवधेश कुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत नेता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

