खगड़िया

शराब पीने से मना करने पर पत्नी से मारपीट का आरोप, रामपुर ग्राम कचहरी में समझौते के बाद मामला निष्पादित

1 Mins read
गोगरी में साप्ताहिक जनता दरबार में पहुंचे दो मामले, दोनों का आपसी समझौते से हुआ निष्पादन; सरपंच नूर आलम ने छोटे विवाद ग्राम कचहरी में सुलझाने की अपील की।

गोगरी (खगड़िया) | NB18 संवाददाता। गोगरी प्रखंड के रामपुर ग्राम कचहरी में मंगलवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता सरपंच नूर आलम ने की। जनता दरबार में कुल दो मामले आए। दोनों फौजदारी से संबंधित थे। कचहरी में दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद आपसी समझौते के आधार पर मामलों का निष्पादन किया गया।

शराब पीने से मना करने पर मारपीट का आरोप

जनता दरबार में भागलपुर जिले के खरीक थाना क्षेत्र स्थित खरीक बाजार निवासी शंकर साह की पुत्री पूजा कुमारी ने डाक के माध्यम से आवेदन भेजकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने गोगरी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी लक्ष्मण कुमार पर आरोप लगाया कि शादी के करीब ढाई साल बाद से पति शराब पीकर उनके साथ मारपीट करते थे। परिवार के लोगों और उनके समझाने के बावजूद व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।

आवेदन के अनुसार, मायके चले जाने के बाद पति वहां भी पहुंचे और उन्हें साथ चलने के लिए कहा। पूजा कुमारी ने शराब छोड़ने और इसकी शपथ लेने की बात कही तो आरोप है कि पति मारपीट कर वहां से चले गए।

मंगलवार को ग्राम कचहरी में दोनों पक्षों की सुनवाई हुई। इसके बाद पंच सदस्यों की मौजूदगी में एक हजार रुपये के भारतीय गैर-न्यायिक स्टाम्प पेपर पर बांड तैयार कराया गया। इसमें दोबारा शराब नहीं पीने, पत्नी के साथ अच्छा व्यवहार करने और उनके भरण-पोषण की जिम्मेदारी निभाने संबंधी शर्तें शामिल की गईं। समझौते के बाद मामले का निष्पादन किया गया।

नाबालिग को बहकाने की शिकायत पर भी समझौता

दूसरे मामले में रामपुर निवासी मो. आरिफ की पत्नी सोनी खातून ने अपनी गोतनी पर नाबालिग पुत्री को बहकाने और अनुचित बातें सिखाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। सरपंच ने मामले को संज्ञान में लेते हुए दोनों पक्षों को नोटिस जारी किया और सुनवाई की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बांड के माध्यम से समझौता कराकर मामले का निष्पादन किया गया।

छोटे विवाद ग्राम कचहरी में सुलझाने की अपील

सरपंच नूर आलम ने कहा कि ग्राम कचहरी का प्रयास है कि छोटे-छोटे विवादों का समाधान स्थानीय स्तर पर आपसी सहमति से कराया जाए। इसके लिए उन्होंने सभी पंच सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने और विवादों के समय पर समाधान की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया।

इस मौके पर ग्राम कचहरी सचिव सोनी प्रियंका, न्याय मित्र प्रेमलता कुमारी, पंच दीपनारायण ठाकुर, निरंजन पंडित, कैलाश साह, आबिदा खातून, पुष्पा देवी, जयगीता देवी, कुमारी स्नेहलता सिंह तथा सामाजिक कार्यकर्ता उलफत अली, हसन अनवर अली सहित अन्य लोग मौजूद थे।

381 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App