एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में बनी छापेमारी टीम ने की कार्रवाई; FSL टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की
मानसी से द्रवेश कुमार | NB18, खगड़िया।
खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने सूचना मिलने के 12 घंटे के भीतर एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है। खगड़िया पुलिस की ओर से 12 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले में पीड़िता की मां के फर्द बयान के आधार पर मानसी थाना कांड संख्या 301/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
गंभीर हालत में मिली नाबालिग, अस्पताल भेजा गया
पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को मानसी थाना पुलिस को नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। वहां नाबालिग घायल अवस्था में मिली, जिसके बाद उसे चिकित्सकीय जांच और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
एसपी के निर्देश पर बनी छापेमारी टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 रमेश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने के आरोप में एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया।
FSL टीम कर रही घटनास्थल की जांच
पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई कर रही है। मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की टीम ने की कार्रवाई
पुलिस विज्ञप्ति में छापेमारी टीम में एसडीपीओ सदर-1 रमेश कुमार, मानसी थाना के थानाध्यक्ष दीपक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रिकी कुमार, मुकेश कुमार दास, शोभनाथ गिरी तथा DIU टीम और सशस्त्र बल के सदस्यों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
