खगड़िया

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस: सैदपुर में बालिकाओं को अधिकार, शिक्षा और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

1 Mins read
रंगोली, पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को स्कूल किट व उपयोगी सामग्री देकर किया सम्मानित

मानसी (खगड़िया)। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर मानसी प्रखंड के बनारसी उच्च विद्यालय, सैदपुर में बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी विक्रम विरकर के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही आत्मविश्वास बढ़ाने और रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी पुतुल कुमारी, महिला पर्यवेक्षक सीता कुमारी एवं प्रेमलता कुमारी, प्रखंड समन्वयक मनुएला मालविका तथा विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। इस दौरान बालिकाओं के साथ संवाद कर शिक्षा के महत्व, लैंगिक समानता, सुरक्षा और बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।

प्रतियोगिताओं के जरिए निखारी प्रतिभा

कार्यक्रम के तहत बालिकाओं के लिए रंगोली, पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को स्कूल किट, सैनिटरी पैड, रूमाल, पानी की बोतल, कलर बॉक्स और छाता देकर सम्मानित किया गया।

शिक्षा और समान अवसरों से सशक्त होंगी बेटियां

कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना और शिक्षा के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है। साथ ही, बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देने का संदेश दिया गया।

जिला प्रशासन की ओर से बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

366 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App