भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता, मेडिकल इमरजेंसी में तत्काल मिलेगी मदद; अगस्त में 2,639 मरीजों को पहुंचाया गया अस्पताल
खगड़िया। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों से निपटने के लिए खगड़िया जिले में 102 एंबुलेंस सेवा को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पूजा पंडालों, प्रमुख बाजारों और धार्मिक स्थलों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए एंबुलेंस टीमों को तत्पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क दुर्घटना, अचानक तबीयत बिगड़ने, बेहोशी या अन्य मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में जरूरतमंदों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।
जिला एसीओ चंद्रप्रकाश चिक्कू ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एंबुलेंस की तैनाती, उपलब्धता और रिस्पॉन्स टाइम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिले में 30 एंबुलेंस, 7 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट
खगड़िया जिले में कुल 30 एंबुलेंस संचालित हैं। इनमें 7 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस (ALSA), 21 बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस (BLSA) और 2 शव वाहन शामिल हैं। प्रत्येक एंबुलेंस में चालक के साथ प्रशिक्षित इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) तैनात रहते हैं, जो जरूरत के अनुसार मरीजों को प्राथमिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराते हैं।
इन एंबुलेंसों के माध्यम से मेडिकल कॉलेज, सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक मरीजों को पहुंचाया जाता है। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में जरूरत के अनुसार एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। कॉल सेंटर को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि आपातकालीन कॉल मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
अगस्त में 2,639 मामलों में मिली मदद
102 एंबुलेंस सेवा के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 में खगड़िया जिले में कुल 2,639 मामलों में लोगों को सहायता उपलब्ध कराई गई। इनमें 1,892 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा 95 नवजात एवं गंभीर मरीजों, 72 सड़क दुर्घटना पीड़ितों और 580 अन्य मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया।
त्योहार में निर्बाध सेवा का लक्ष्य
राज्य सरकार के सहयोग से जेनप्लस सर्विसेज द्वारा 102 एंबुलेंस सेवा का निःशुल्क संचालन किया जा रहा है। कंपनी के बिहार प्रोजेक्ट हेड दीपक श्रीवास्तव ने कहा कि त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और भरोसेमंद आपातकालीन परिवहन सेवा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। टीम यह सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रहेगी कि मेडिकल इमरजेंसी में मरीजों को बिना अनावश्यक देरी के अस्पताल पहुंचाया जा सके।
उन्होंने लोगों से अपील की कि चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति में घबराएं नहीं और जरूरत पड़ने पर 102 पर कॉल कर निःशुल्क एंबुलेंस सेवा की सहायता लें।
