छात्रहित का हवाला देकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से वर्तमान व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह
खगड़िया। जिले के सभी महाविद्यालयों की संबद्धता मुंगेर विश्वविद्यालय से यथावत रखने की मांग उठी है। खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के विधायक बबलू कुमार मंडल ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र भेजकर छात्रहित में वर्तमान व्यवस्था को बनाए रखने का आग्रह किया है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि खगड़िया के विभिन्न कॉलेजों में जिले के सभी वर्गों के छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। वर्तमान में ये महाविद्यालय मुंगेर विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय से जुड़े शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों के लिए विद्यार्थियों को मुंगेर जाना पड़ता है।
दिनकर विश्वविद्यालय से संबद्धता की चर्चा के बीच मांग
पत्र में विधायक ने दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए कहा है कि ऐसी स्थिति में खगड़िया जिले के कॉलेजों को दूसरे विश्वविद्यालय से जोड़ने के बजाय मुंगेर विश्वविद्यालय से ही संबद्ध रखा जाना छात्रहित में होगा।
ग्रामीण छात्रों पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ
विधायक के अनुसार, खगड़िया से मुंगेर की दूरी अपेक्षाकृत कम होने के कारण विद्यार्थी कम समय और खर्च में विश्वविद्यालय संबंधी काम पूरा कर सकते हैं। यदि संबद्धता किसी दूसरे विश्वविद्यालय से होती है तो विद्यार्थियों को अधिक दूरी तय करनी पड़ सकती है। इससे आने-जाने में अतिरिक्त समय और आर्थिक खर्च बढ़ने की आशंका है।
उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों की परेशानी का हवाला देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय संबंधी निर्णय लेते समय छात्रों की सुविधा और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री से आवश्यक कार्रवाई का आग्रह
विधायक बबलू कुमार मंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि खगड़िया जिले के सभी महाविद्यालयों की संबद्धता मुंगेर विश्वविद्यालय से ही बनाए रखने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने इसे विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित और सुविधा से जुड़ा विषय बताया है।

