खगड़िया। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, खगड़िया में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (SIH) 2026 के तहत आंतरिक हैकाथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की जटिल समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
हैकाथॉन में महाविद्यालय की 17 टीमों के कुल 102 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न समस्या विवरणों पर आधारित अपने अभिनव विचार और तकनीकी समाधान निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों ने तकनीकी ज्ञान के साथ रचनात्मक सोच, तार्किक क्षमता, व्यावहारिक दृष्टिकोण और टीमवर्क का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का समन्वयन स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 के नोडल अधिकारी प्रो. अभिषेक कुमार ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार की संस्कृति अपनाने और अपनी तकनीकी क्षमताओं का उपयोग सामाजिक एवं औद्योगिक चुनौतियों के समाधान में करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मणि भूषण ने प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की तकनीकी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के साथ उनमें नेतृत्व, सहयोग और नवाचार की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में शामिल सभी 102 छात्र-छात्राओं को ई-प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। महाविद्यालय के अनुसार, आंतरिक हैकाथॉन विद्यार्थियों को अपने विचारों को तकनीकी समाधान में बदलने और नवाचार के माध्यम से प्रभावी बदलाव की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।

