चौथम (खगड़िया)। किसानों की आमदनी बढ़ाने और रबी फसलों की बेहतर पैदावार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चौथम स्थित कृषि भवन में प्रखंड स्तरीय रबी फसल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने, उन्नत बीजों का चयन करने और फसल प्रबंधन के आधुनिक तरीकों की जानकारी देकर प्रशिक्षित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के सहायक निदेशक (बीज विश्लेषण), खगड़िया, प्रखंड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार, अंचलाधिकारी रवि राज, बीपीआरओ प्रथम मयंक और प्रखंड कृषि पदाधिकारी श्रेया कुमारी ने किसानों को रबी फसलों की बेहतर पैदावार के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी दी।
अधिकारियों एवं कृषि विभाग के विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि अच्छी पैदावार के लिए केवल उन्नत बीज ही नहीं, बल्कि खेत का सही चयन, मिट्टी के अनुरूप खेत की तैयारी और समय पर बुआई भी जरूरी है। कार्यशाला में बीज की विभिन्न किस्मों के चयन, बुआई की विधि, सिंचाई प्रबंधन, खाद एवं उर्वरक के संतुलित उपयोग, फसलों में लगने वाले रोगों की पहचान, कीट नियंत्रण और फसल कटाई तक की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।
किसानों को फसलों को रोग एवं कीट से बचाने के लिए आवश्यक दवाओं और उनके उचित प्रयोग की जानकारी भी दी गई। कार्यशाला में सैकड़ों किसानों ने भाग लिया और खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यशाला के समापन के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार ने उपस्थित अधिकारियों के साथ रबी महोत्सव रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रथ के माध्यम से किसानों तक रबी फसल से संबंधित कृषि योजनाओं, उन्नत खेती की तकनीकों और विभागीय जानकारी पहुंचाई जाएगी।
कृषि विभाग का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती से जोड़कर कम लागत में बेहतर उत्पादन के लिए जागरूक करना है।
