समाहरणालय में प्रशासनिक अधिकारियों, राजनीतिक संगठनों और प्रबुद्ध लोगों के साथ हुई बैठक, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने पर जोर
खगड़िया। दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर खगड़िया जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी विक्रम विरकर और पुलिस अधीक्षक पुष्कर आनंद ने समाहरणालय के मुख्य सभा कक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक की। बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आपसी भाईचारा कायम रखने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
संवेदनशील स्थलों पर रहेगी विशेष निगरानी
दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बिगाड़ने और अफवाह फैलाकर सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों से बचने और सहयोग की अपील
बैठक के माध्यम से पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन और आम लोगों के बीच समन्वय पर जोर दिया गया। लोगों से अपील की गई है कि वे दुर्गा पूजा एवं दशहरा का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं।
साथ ही किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास नहीं करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री साझा करने से बचने की जरूरत बताई गई। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले में सभी पूजा और उत्सव कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हों तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

