अपना बिहारबड़ी खबर

बिहार के सभी 8067 पंचायतों और 111387 वार्डों में 15 अगस्त को फहराया जाएगा तिरंगा : सम्राट चौधरी

1 Mins read

बिहार में इस साल 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को राज्य की सभी 8067 ग्राम पंचायतों और 1.11 लाख वार्डों में तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। झंडा फहराने के लिए सभी पंचायतों-वार्डों को खर्च के रूप में एक-एक हजार रुपये दिए जाएंगे।

पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर यह आयोजन किया जा रहा है। इससे देशवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति आस्था पैदा होगी। लोग अपने आप ही अपने घरों पर झंडोत्तोलन करेंगे। सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि 13 और 14 अगस्त को ग्राम पंचायतों में एक विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया जाए, जिसमें पंचायत के सभी निर्वाचित सदस्य, सरकारी कर्मी तथा संविदा कर्मी हिस्सा लेंगे। इस ग्राम सभा में भारत की आजादी की लड़ाई के विभिन्न पहलुओं एवं स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों के कार्यों पर प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही योजनाओं का चयन किया जाएगा।

पंचायत मुख्यालय में मुखिया एवं वार्ड में वार्ड सदस्य द्वारा ध्वज संहिता 2022 के नियमों का पालन करते हुए सरकारी स्थानों यथा-पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन, मनरेगा भवन एवं वार्ड में बने हर घर नल का जल की टंकी पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय जीविका संगठनों से विभिन्न आकार यथा 20×30, 16×24, 6×9 का झंडा खरीदने को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक पंचायत एवं वार्ड में ध्वजारोहण के लिए अधिकतम एक हजार रुपये छठे राज्य वित्त आयोग की सामान्य निधि से खर्च किया जाएगा। इस झंडे का उपयोग गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस आदि मौके पर किया जा सकता है। मात्र इस पर ध्यान रखना है कि झंडा अधिनियम के अनुसार इसका सम्मान रखते हुए झंडोत्तोलन किया जाए और सूर्यास्त के पहले उतार कर इसे रख दिया जाए।
हर घर तिरंगा की भी है योजना
उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा है कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। इससे हमारे देश की राष्ट्रीय भावना उच्चतम स्तर पर पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम में संपूर्ण जन-भागीदारी के साथ स्वास्थ्य, सहकारिता, ग्रामीण विकास, विभाग सहित राष्ट्रीय सेवा योजना, नेहरू युवा केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, जन वितरण प्रणाली की दुकान, सभी थाना, सभी पंचायत और पंचायत समितियों, जीविका स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस कार्यक्रम में लोग अपने घरों पर झंडोत्तोलन करेंगे।
319 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App