पटना | NB18 बिहार
अभिजीत सिन्हा
चर्चित भरत तिवारी प्रकरण में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। भरत तिवारी के परिजनों ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर पूरे मामले से उन्हें अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने परिवार की बात गंभीरता से सुनी और भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले में निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
मुलाकात के दौरान परिजनों ने घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि कानून अपना काम करेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि न्याय दिलाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब भरत तिवारी प्रकरण पूरे बिहार में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी लगातार बयानबाजी हो रही है और विपक्ष सरकार पर सवाल उठा रहा है। ऐसे माहौल में मुख्यमंत्री का स्वयं परिजनों से मिलना इस मामले को लेकर सरकार की गंभीरता के रूप में देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भी मामले की प्रगति पर सतत नजर रखने और जांच प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता के साथ आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है। परिजनों ने मुख्यमंत्री से न्याय की उम्मीद जताई और सरकार के समक्ष अपनी पीड़ा रखी।

