विधायक बबलू बोले– खगड़िया का समग्र विकास ही मेरी प्राथमिकता, शहर की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार हो रहे प्रयास
खगड़िया। शहर के ऐतिहासिक गोशाला परिसर में बुधवार को 14 लाख 99 हजार रुपये की लागत से बनने वाले छतदार चबूतरा निर्माण कार्य का सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के बीच शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
शिलान्यास के बाद विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य खगड़िया का समग्र विकास है और इसी उद्देश्य से वे लगातार सरकार के समक्ष जिले के महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं।
विधानसभा से मुख्यमंत्री तक उठाए विकास के मुद्दे
विधायक ने कहा कि विधानसभा के भीतर और बाहर उन्होंने खगड़िया के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को लगातार उठाया। राजेंद्र सरोवर के विकास एवं सौंदर्यीकरण, कसरैया धार के पुनर्विकास, शहर को जलजमाव से स्थायी राहत दिलाने के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम तथा सदर अस्पताल की जलनिकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे प्रस्तावों पर सरकार ने सकारात्मक पहल की है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात कर भी खगड़िया के लिए कई योजनाओं की स्वीकृति का आग्रह किया गया। विशेष रूप से बुडको के माध्यम से बड़े नालों के निर्माण, जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने और शहरी आधारभूत संरचना के विस्तार को लेकर लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
‘छह माह में विकास की नई तस्वीर दिखने लगी’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जदयू के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रमोद केडिया ने कहा कि पिछले लगभग तीन दशकों में जितना विकास कार्य नहीं हुआ, उससे अधिक योजनाओं पर पिछले छह माह में काम शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि विधायक बबलू कुमार मंडल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन और शहरी आधारभूत संरचना के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की है, जिसका लाभ आने वाले समय में पूरे जिले को मिलेगा।
गोशाला परिसर को मिलेगी नई सुविधा
स्थानीय लोगों ने कहा कि गोशाला परिसर में बनने वाला छतदार चबूतरा धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। इससे विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा होगी और परिसर की उपयोगिता भी बढ़ेगी।
ये रहे मौजूद
शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, जदयू प्रदेश महासचिव नीलम वर्मा, जदयू नेता दीपक सिन्हा, पुरुषोत्तम गुजरवासिया, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखरम जी, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष संदीप केडिया, पप्पू देव, गोशाला समिति के सचिव प्रदीप दहलन, मैनेजर लाल मोहन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
News Bihar 18 : सलाह
चबूतरा बन रहा है, लेकिन गोशाला की जमीन कब बचेगी?
गोशाला परिसर में छतदार चबूतरे का निर्माण स्वागतयोग्य पहल है, लेकिन इससे भी बड़ा सवाल गोशाला की बहुमूल्य जमीन पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण का है। शहर में लंबे समय से यह चर्चा रही है कि सन्हौली क्षेत्र में गोशाला की जमीन पर भू-माफियाओं का कब्जा है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
इधर, एक समय खगड़िया की पहचान और गौरव रहे राजेंद्र सरोवर पर भी अतिक्रमण का संकट लगातार गहराता जा रहा है। यदि विधायक बबलू कुमार मंडल वास्तव में खगड़िया के विकास को नई पहचान देना चाहते हैं, तो छतदार चबूतरे जैसे निर्माण कार्यों के साथ-साथ गोशाला की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना और राजेंद्र सरोवर को उसके मूल स्वरूप में विकसित कराना भी बड़ी चुनौती होगी।
खगड़िया की जनता अब केवल शिलान्यास नहीं, बल्कि गोशाला की जमीन और राजेंद्र सरोवर को अतिक्रमण से मुक्त कराने जैसी निर्णायक कार्रवाई भी देखना चाहती है। यही कदम शहर के विकास की सबसे बड़ी पहचान बन सकता है।

