अपना बिहारबड़ी खबर

खगड़िया का विकास आखिर किस फाइल में अटका? विभागीय समीक्षा बैठक से पहले विधायक बबलू मंडल ने सरकार से मांगा पूरा हिसाब

1 Mins read
433 करोड़ की ड्रेनेज योजना से लेकर आवास, कबीर अंत्येष्टि, मनरेगा और जर्जर सड़कों तक उठाए बड़े सवाल; अधिकारियों से मांगा जवाब

खगड़िया। खगड़िया की जनता जिन समस्याओं से रोज दो-चार हो रही है, उन्हें अब विभागीय समीक्षा बैठक की मेज तक पहुंचा दिया गया है। विधायक बबलू कुमार मंडल ने नगर विकास एवं आवास विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक से पहले बिहार विधानसभा की पर्यटन एवं उद्योग समिति के सभापति को विस्तृत पत्र भेजकर उन योजनाओं का पूरा हिसाब मांगा है, जिनका इंतजार वर्षों से लोग कर रहे हैं।

433 करोड़ की योजना… फिर भी जलजमाव से राहत नहीं

सबसे पहले विधायक ने नगर परिषद की करीब 433 करोड़ रुपए की ड्रेनेज परियोजना को एजेंडे में शामिल कराया है। उनका सवाल साफ है—जब परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है तो निर्माण शुरू क्यों नहीं हुआ? आखिर किस स्तर पर मामला अटका है और शहर को जलजमाव से राहत कब मिलेगी? उन्होंने विभाग से समीक्षा बैठक में स्पष्ट स्थिति रखने को कहा है।

आवास योजना: पात्र परिवार अब भी इंतजार में

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की धीमी प्रगति पर भी विधायक ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में पात्र परिवार अब भी लाभ से वंचित हैं। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, विशेष अभियान और निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है।

कबीर अंत्येष्टि योजना पर भी उठाया संवेदनशील मुद्दा

विधायक ने कहा कि कबीर अंत्येष्टि योजना की राशि समय पर नहीं मिलने से गरीब परिवारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने उस हालिया घटना का भी जिक्र किया, जिसमें सहायता राशि के अभाव में एक मृतक का अंतिम संस्कार लगभग तीन दिन बाद हो सका। उन्होंने भुगतान व्यवस्था को समयबद्ध और जवाबदेह बनाने की मांग की।

मनरेगा: रोजगार कम, सवाल ज्यादा

ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े मुद्दों में मनरेगा भी प्रमुख रहा। विधायक ने कहा कि पंचायत स्तर पर लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि जरूरत के मुताबिक रोजगार उपलब्ध नहीं हो रहा। उन्होंने पूछा कि मजदूरों को नियमित काम देने और नई योजनाओं को मंजूरी देने के लिए विभाग क्या ठोस कदम उठा रहा है।

सड़कों की बदहाली भी एजेंडे में

मेहसौरी-अगुवानी, सोनमनकी-माड़र, सोनमनकी-सिमराहा, बछौता-बिरनपुर, खगड़िया-बखरी मार्ग से दाढ़ी आस गांव, सोराय टोला-सोराय गांव, खगड़िया-अलौली मार्ग से भीरयाही पोखर होते हुए अलौली पथ तथा दुर्गापुर-मथार दियारा सहित कई जर्जर ग्रामीण सड़कों की मरम्मत की मांग भी विधायक ने उठाई है। उन्होंने पूरे विधानसभा क्षेत्र की सड़कों का सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर पुनर्निर्माण कराने का भी आग्रह किया है।

दो नई सड़क परियोजनाओं का भी प्रस्ताव

पत्र में भीरयाही पोखर से विष्णुपुर ढाला तथा सोनमनकी से बलौर लोहा पुल तक नई सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया है। विधायक का कहना है कि इससे हजारों ग्रामीणों की आवाजाही आसान होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

अब निगाह विभागीय जवाब पर

विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि समीक्षा बैठक का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा नहीं, बल्कि वर्षों से लंबित मामलों पर जवाबदेही तय कराना भी है। अब देखने वाली बात होगी कि विभाग इन सवालों का ठोस जवाब देता है या फिर खगड़िया की जनता को एक बार फिर सिर्फ आश्वासन ही मिलता है।

316 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App