खगड़ियाप्रदेशबड़ी खबर

544 वोट के साथ चंद्रदेव प्रसाद यादव फिर बने खगड़िया विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष, महासचिव पद पर नागेश्वर गुप्ता की शानदार जीत

1 Mins read

खगड़िया। खगड़िया विधिज्ञ संघ के चुनाव में एक बार फिर चंद्रदेव प्रसाद यादव ने अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमाया है। मंगलवार को हुए मतदान के बाद देर रात तक चली मतगणना में चंद्रदेव प्रसाद यादव ने भारी मतों से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया। वहीं महासचिव पद पर वर्तमान महासचिव नागेश्वर गुप्ता ने भी जीत दर्ज करते हुए अपना पद बरकरार रखा।

अध्यक्ष पद के लिए कुल तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। चंद्रदेव प्रसाद यादव को 544 वोट मिले, जबकि नागेश्वर प्रसाद सिंह को 180 वोट और भीम यादव को महज 4 वोट मिले। परिणाम सामने आते ही चंद्रदेव प्रसाद यादव के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

चंद्रदेव प्रसाद यादव, अध्यक्ष

महासचिव पद पर नागेश्वर गुप्ता की जीत

महासचिव पद के चुनाव में मुकाबला चार प्रत्याशियों के बीच हुआ। वर्तमान महासचिव नागेश्वर गुप्ता ने 310 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर अजित कुमार सिन्हा रहे, जिन्हें 227 वोट मिले। महेश कुमार सिंह को 93 और सीमा को 57 वोट प्राप्त हुए।

नतीजों के बाद नागेश्वर गुप्ता के समर्थकों ने उन्हें बधाई दी। संघ के सदस्यों के बीच चुनाव परिणाम को लेकर देर रात तक चर्चा होती रही।

कोषाध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भी परिणाम स्पष्ट

कोषाध्यक्ष पद पर अनिल यादव ने जीत दर्ज की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर प्रिंस कुमार और योगेश ठाकुर निर्वाचित हुए।

कार्यकारिणी सदस्य वरिष्ठ पद पर बालेश्वर प्रसाद यादव, मो. आलमगीर, मोहन चौधरी और हीरा प्रसाद यादव ने जीत हासिल की।

संयुक्त सचिव पद पर अम्बुज कुमार और मनोज कुमार विजयी रहे, जबकि सहायक सचिव पद पर चंद्रजीत कुमार और संजीव कुमार सिंह ने जीत दर्ज की।

733 अधिवक्ताओं ने किया मतदान

खगड़िया विधिज्ञ संघ के चुनाव में कुल 733 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मंगलवार को मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना शुरू हुई, जो देर रात तक चली। परिणाम घोषित होने के साथ ही विभिन्न पदों पर विजयी प्रत्याशियों के नाम स्पष्ट हो गए।

बार एसोसिएशन बिहार के पर्यवेक्षकों की निगरानी में चुनाव

चुनाव को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए बार एसोसिएशन बिहार की ओर से चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में संजीव कुमार सिंह और लक्ष्मण यादव को खगड़िया भेजा गया था। दोनों पर्यवेक्षकों की निगरानी में मतदान और चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हुई।

वहीं विधिज्ञ संघ खगड़िया चुनाव के प्रभारी के रूप में अधिवक्ता रविन्द्र कुमार सिंह, मानवेंद्र कुमार और हरिनंदन प्रसाद की मौजूदगी रही। मतदान से लेकर मतगणना तक पूरी प्रक्रिया में चुनाव पदाधिकारियों और पर्यवेक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

खगड़िया विधिज्ञ संघ के इस चुनाव में अध्यक्ष पद पर चंद्रदेव प्रसाद यादव की लगातार दूसरी जीत और महासचिव पद पर नागेश्वर गुप्ता की जीत को अधिवक्ताओं के बीच महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है। इधर परिणाम आने के बाद संघ के निर्वाचित पदाधियारियों को खगड़िया के अधिवक्ताओं ने बधाई दी है।

319 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App