खगड़िया। बलुआही ठाकुरबाड़ी में प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी झूलन महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। कुश्ती (दंगल) कमिटी के सदस्य सह वार्ड पार्षद रणवीर कुमार ने बताया कि 24 से 28 अगस्त 2026 तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
महोत्सव के दौरान 24 से 26 अगस्त तक भजन-कीर्तन तथा 27 और 28 अगस्त को रात 9 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वहीं 24 से 28 अगस्त तक प्रत्येक दिन रात 8 बजे ठाकुर जी की आरती के बाद भोग का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। 24 अगस्त को लड्डू, 25 को बर्फी, 26 को खीर, 27 को हलवा और 28 अगस्त को तसमय भोग का प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच बांटा जाएगा।
चार दिनों तक होगा दंगल
झूलन महोत्सव के अवसर पर 24 से 27 अगस्त तक अंतरराज्यीय दंगल (कुश्ती) प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दंगल प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश सहित बिहार के राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के पहलवानों के शामिल होने की बात कही गई है।
दंगल के अखाड़े पर पूरे विधि-विधान से ध्वजारोहण भी किया गया है। राजद जिलाध्यक्ष सह बलुआही ठाकुरबाड़ी के सदस्य मनोहर कुमार यादव ने बताया कि अखाड़े की परंपरा के अनुसार ध्वजारोहण के बाद ही पहलवान अखाड़े पर अभ्यास और पहलवानी शुरू करते हैं।
उन्होंने बताया कि आसपास के पहलवान भी अब बलुआही ठाकुरबाड़ी के अखाड़े पर अभ्यास करेंगे, ताकि दंगल प्रतियोगिता में पूरी तैयारी के साथ हिस्सा ले सकें। झूलन महोत्सव के साथ होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह है।

