पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सूची जारी की गई है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने 26 अगस्त 2026 को इसकी अधिसूचना जारी की।
नई कार्यकारिणी में राष्ट्रीय स्तर पर कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। चिराग पासवान को राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं ललित कुमार गौतम, हरमीत सिंह और अधिवक्ता सरदार तारा सिंह को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
राष्ट्रीय संगठन में कई नेताओं को अहम जिम्मेदारी
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में मनीषंकर पांडेय, मोहम्मद शमीम एम हवा, वीरेंद्र प्रधान, कुंवर आसिम खान, डॉ. सत्यानंद शर्मा और कमला कुमारी को जिम्मेदारी दी गई है। राजेश वर्मा, सांसद को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
राष्ट्रीय प्रधान महासचिव के पद पर अब्दुल खालिक को जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा मिथिलेश कुमार सिंह, राजू तिवारी, वीणा देवी, अजय कुमार, पंकज अरोड़ा, डॉ. केपी चौधरी समेत कई नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
बिहार संगठन में सुरेंद्र विवेक को कमान
नई सूची में बिहार के लिए सुरेंद्र विवेक को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। संगठन में बिहार के नेताओं को भी महत्वपूर्ण स्थान मिला है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सूची में खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा, वैशाली की सांसद वीणा देवी, जमुई के सांसद अरुण भारती और समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी समेत बिहार के कई नेताओं को शामिल किया गया है।
पार्टी ने विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की भी घोषणा की है। सूची में बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, पंजाब, हरियाणा सहित कई राज्यों के संगठनात्मक पदाधिकारियों के नाम शामिल हैं।
प्रवक्ताओं और विभिन्न प्रकोष्ठों को भी जिम्मेदारी
पार्टी ने राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में अरुण भारती, राजेश वर्मा, शांभवी चौधरी, राजू तिवारी समेत कई नेताओं को जिम्मेदारी दी है। युवा, महिला, अल्पसंख्यक, किसान, कानूनी, सोशल मीडिया और अन्य प्रकोष्ठों के लिए भी राष्ट्रीय अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का उद्देश्य संगठन को देशभर में और मजबूत करना तथा विभिन्न स्तरों पर पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना है।

