पटना। सनातन संस्कृति चेतना परिषद के तत्वावधान में पटना स्थित रविंद्र भवन में गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में ‘तुलसी के राम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए और कार्यक्रम को संबोधित किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी ने भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, करुणा एवं लोककल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महान कार्य किया। उनकी रचनाएं हमारी सनातन संस्कृति, जीवन-मूल्यों और सामाजिक चेतना की अमूल्य धरोहर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘तुलसी के राम’ जैसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ने के साथ-साथ भारतीय जीवन-मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी की रचनाओं में निहित आदर्श और जीवन-दर्शन आज भी समाज का मार्गदर्शन करने में प्रासंगिक हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और अपनी गौरवशाली परंपराओं से परिचित कराने का अवसर मिलता है।

