खगड़िया | NB18
खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने शनिवार को बेलदौर विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण कर कोसी नदी के कटाव का जायजा लिया और प्रभावित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को कटावरोधी कार्यों में तेजी लाने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, विद्यालयों में बेंच-डेस्क की कमी को दूर करने के लिए निजी कोष और कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड से एक हजार से अधिक बेंच-डेस्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने का भरोसा दिया।
कोसी कटाव का निरीक्षण, त्वरित कार्रवाई पर जोर
सांसद राजेश वर्मा ने बलैठा पंचायत में कोसी नदी से हो रहे कटाव का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कटाव प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कटावरोधी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इससे पहले खगड़िया स्थित अपने संसदीय कार्यालय में सांसद ने आम लोगों से मुलाकात की। मथार से पहुंचे लोगों ने कटाव की समस्या उठाते हुए स्थायी समाधान की मांग की। सांसद ने मथार पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और प्रभावी कटावरोधी कार्यों के लिए पहल करने का आश्वासन दिया।
स्कूलों में बेंच-डेस्क की कमी होगी दूर
बेलदौर विधानसभा क्षेत्र के पौरा पंचायत अंतर्गत सहरौन में जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने कटाव, सड़क और विद्यालयों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। विद्यालयों में बेंच-डेस्क की कमी का मुद्दा सामने आने पर सांसद ने अपने निजी कोष और CSR फंड के माध्यम से जल्द ही एक हजार से अधिक बेंच-डेस्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की बात कही।
उन्होंने ग्रामीणों को अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया।
जनसंवाद से विकास कार्यों तक, NDA नेताओं से भी की चर्चा
बेलदौर विधानसभा क्षेत्र के मध्य बोरने स्थित जयप्रभा नगर में स्थानीय लोगों ने सांसद का स्वागत किया। सांसद ने लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए पहल करने का आश्वासन दिया।
इसके बाद नगर पंचायत बेलदौर की चेयरमैन ममता कुमारी एवं उनके प्रतिनिधि रंजन सिंह के आवास पर NDA पदाधिकारियों से मुलाकात की। बैठक में क्षेत्र की जनसमस्याओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। सांसद ने आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया।
दुर्गा मंदिरों में किए दर्शन, क्षेत्र की खुशहाली की कामना
क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान सांसद राजेश वर्मा ने बलैठा, सहरौन, बेलदौर बाजार, बेलदौर पंचायत, चौथम प्रखंड के तेलिहार पंचायत, सोनवर्षा और रोहरी स्थित दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन किए। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता : राजेश वर्मा
सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में जनता से सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी पहल करना उनकी जिम्मेदारी है।
सांसद ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही।
NB18 | खबरें जो सच दिखाए
