खगड़िया की प्राकृतिक धरोहर कसरैया धार झील के विकास का वर्षों पुराना इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। बिहार सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में ईको पर्यटन एवं पार्क विकास योजना के तहत मानसी स्थित कसरैया धार के विकास के लिए ₹29 करोड़ 20 लाख 73 हजार की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। इस परियोजना से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और आसपास के दर्जनों गांवों के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

खगड़िया। सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने इसे जनता की जीत और लंबे संघर्ष का परिणाम बताते हुए कहा कि कसरैया धार के विकास का मुद्दा उन्होंने सबसे पहले विधानसभा के बजट सत्र में तारांकित प्रश्न के माध्यम से उठाया। इसके बाद शून्यकाल में भी सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। विधायक के अनुसार विधानसभा में मामला उठने के बाद वन एवं पर्यावरण विभाग ने जिला प्रशासन से विस्तृत प्रतिवेदन मांगा, जिसके आधार पर तत्कालीन जिलाधिकारी नवीन कुमार ने विकास प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा।
विधायक ने बताया कि प्रस्ताव भेजे जाने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा। वे स्वयं वन एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों तथा सर्वे टीम के साथ कसरैया धार पहुंचे और स्थल निरीक्षण कराया। निरीक्षण के दौरान झील की प्राकृतिक संरचना, पर्यटन की संभावनाओं और स्थानीय जरूरतों का विस्तृत आकलन किया गया। उन्होंने कहा कि लगातार फॉलो-अप का ही परिणाम है कि अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है।
उन्होंने कहा कि कसरैया धार केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि खगड़िया की प्राकृतिक पहचान है। इसके विकसित होने से राज्य और देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटकों के आने की संभावना बढ़ेगी। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से होटल, रेस्टोरेंट, नौकायन, स्थानीय हस्तशिल्प, परिवहन, गाइड सेवा, खान-पान और छोटे व्यवसायों को नई गति मिलेगी। इससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है।
विधायक ने बताया कि फरवरी में आयोजित बजट सत्र के दौरान उन्होंने शहर के ड्रेनेज सिस्टम, सदर अस्पताल के ड्रेनेज, डिग्री कॉलेज की स्थापना, राजेंद्र सरोवर के जीर्णोद्धार सहित कई विकास योजनाओं को भी विधानसभा में प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने कहा कि सरकार इन सभी मांगों पर सकारात्मक पहल कर रही है, जिससे खगड़िया के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आगामी मानसून सत्र में भी वे उद्योग, निवेश और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन से जुड़े प्रस्ताव विधानसभा में रखेंगे। उनका लक्ष्य खगड़िया को विकास और निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
“कसरैया धार खगड़िया की प्राकृतिक धरोहर है। इसका विकास केवल पर्यटन परियोजना नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं के भविष्य और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था से जुड़ा अभियान है। जनता से जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में यह एक बड़ी सफलता है।” — बबलू कुमार मंडल, सदर विधायक, खगड़िया
प्रमुख बातें
– ₹29.20 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति।
– ईको-टूरिज्म एवं पार्क विकास योजना के तहत होगा विकास।
– पर्यटन के साथ स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा।
– दर्जनों गांवों के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
– विधानसभा में मुद्दा उठाने के बाद मिली परियोजना को मंजूरी।

