अपना बिहारखगड़ियाबड़ी खबर

मानसी के मंजरा धार में बनेगा ड्रेनेज सिस्टम और वेडिंग जोन, विधायक बबलू मंडल ने किया स्थल निरीक्षण

1 Mins read

नगर विकास की दिशा में बड़ी पहल, जलजमाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने की तैयारी तेज

खगड़िया। मानसी नगर पंचायत क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने की कवायद तेज हो गई है। सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने बुधवार को मानसी के मंजरा धार क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया और यहां ड्रेनेज सिस्टम एवं वेडिंग जोन निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ मानसी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अमर कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आयुष कुमार उर्फ गोलू सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्थल निरीक्षण के दौरान विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि मानसी को एक व्यवस्थित, सुंदर और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को देखते हुए अब मानसी में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी सोच के तहत मंजरा धार क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम और वेडिंग जोन निर्माण की योजना पर काम शुरू किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि मानसी अब एक उभरता हुआ शहर बन चुका है और यहां जनसंख्या का घनत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को बारिश और जलजमाव के समय काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि अगर मंजरा धार में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण होता है, तो नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को जलजमाव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी और शहर का समुचित विकास सुनिश्चित हो सकेगा। विधायक बबलू मंडल ने बताया कि वे जल्द ही नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री से मुलाकात कर इस योजना का प्रस्ताव सौंपेंगे और शीघ्र स्वीकृति दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर दिखे और आम लोगों को उसका सीधा लाभ मिले।

विधायक ने वेडिंग जोन की आवश्यकता पर भी विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शादी-विवाह और सामाजिक आयोजनों के दौरान शहर में यातायात की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम लोगों को परेशानी होती है। अगर वेडिंग जोन का निर्माण किया जाता है, तो इससे शहर को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आयोजनों के लिए एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वेडिंग जोन बनने से नगर पंचायत के लिए आय का एक नया स्रोत भी विकसित होगा। इससे स्थानीय निकाय आर्थिक रूप से और मजबूत होगा तथा नगर विकास के अन्य कार्यों को भी गति मिलेगी। स्थानीय लोगों ने भी विधायक की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि मानसी जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में इस तरह की योजनाएं समय की मांग हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि यह योजना जल्द धरातल पर उतरेगी और क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। मौके पर जदयू के वरिष्ठ नेता दीपक सिन्हा, जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजनीति प्रसाद वार्ड पार्षद हीरालाल यादव, रवि कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने मानसी को आधुनिक और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में विधायक की पहल की सराहना की।स्थल निरीक्षण के बाद क्षेत्र में विकास को लेकर लोगों में नई उम्मीद और उत्साह देखने को मिला।

317 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App