अपना बिहारखगड़ियाबड़ी खबर

बेटियों की शिक्षा से ही समाज का भविष्य होगा मजबूत- बबलू मंडल

1 Mins read

खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने मंगलवार को सदर प्रखंड अंतर्गत माड़र स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय में आयोजित विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में भाग लिया। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, छात्राओं के बेहतर भविष्य, विद्यालय के विकास और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब बेटियां शिक्षित और आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा, “बेटियों की शिक्षा केवल एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करने का कार्य करती है। इसलिए हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे।”विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा ही वह सबसे मजबूत साधन है, जो बच्चों के जीवन को नई दिशा देता है। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें, क्योंकि शिक्षा के माध्यम से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बेटियों की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को लेकर जो योजनाएं चलाई गई हैं, उनका लाभ हर बच्ची तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के जागरूक लोगों को मिलकर काम करना होगा।
बैठक के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को विधायक के सामने रखा। विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, पर्याप्त संसाधन और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे छात्राओं को केवल किताबों तक सीमित न रखें, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जीवन मूल्यों का भी विकास करें। विधायक ने कहा कि वे लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों का दौरा कर रहे हैं, ताकि जमीनी स्तर पर समस्याओं को समझा जा सके और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें। उनका उद्देश्य है कि खगड़िया के सभी विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएं और यहां की बेटियां भी राज्य स्तर पर सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन करें।
बैठक के दौरान विद्यालय की प्रगति और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी सामने आए, जिन पर विधायक ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर लोजपा जिलाध्यक्ष मनीष कुमार उर्फ नाटा, जदयू के वरिष्ठ नेता दीपक सिन्हा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय के विकास और छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपने विचार साझा किए।
बैठक के अंत में विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निवेश ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है और बेटियों को आगे बढ़ाने में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

Install App