अपना बिहारखगड़ियाबड़ी खबर

विद्यालयों की बदलेगी तस्वीर: बबलू मंडल ने किया निरीक्षण, सड़क, गर्ल्स कॉमन रूम और जिम भवन बनाने की पहल

1 Mins read

खगड़िया सदर विधायक ने रामगंज संसारपुर और लाभगांव के विद्यालयों का लिया जायजा, बच्चों को बताया शिक्षा और अनुशासन का महत्व

खगड़िया। खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने शनिवार को इंटर विद्यालय रामगंज संसारपुर और राजकीय आदर्श उच्च विद्यालय, लाभगांव रामनगर मठ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इंटर विद्यालय रामगंज संसारपुर में आयोजित विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में सड़क, शिक्षक सदन, गर्ल्स कॉमन रूम और जिम भवन समेत कई आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

विधायक ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न समस्याओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक भानु कुमार से विद्यालय की वर्तमान स्थिति और जरूरतों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बच्चों और शिक्षकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

विद्यालय तक पहुंचने वाली सड़क की समस्या को देखते हुए विधायक ने इसके समाधान के लिए पहल करने का भरोसा दिलाया। साथ ही शिक्षक सदन, छात्राओं के लिए कॉमन रूम और विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के लिए जिम भवन की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।

इसके बाद विधायक बबलू मंडल राजकीय आदर्श उच्च विद्यालय, लाभगांव रामनगर मठ पहुंचे और वहां की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

बच्चों से बोले— सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत जरूरी

निरीक्षण के दौरान विधायक ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए बड़े सपने देखना जरूरी है, लेकिन उन सपनों को पूरा करने के लिए शिक्षा, अनुशासन और लगातार मेहनत करनी होगी।

उन्होंने विद्यार्थियों से किताबों को सिर्फ परीक्षा पास करने का माध्यम नहीं, बल्कि ज्ञान बढ़ाने का जरिया मानने की अपील की। साथ ही मोबाइल और आधुनिक तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने, नियमित पढ़ाई करने और माता-पिता व शिक्षकों का सम्मान करने की सलाह दी।

विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ बेहतर अवसर और सही मार्गदर्शन की है। शिक्षा किसी भी समाज के विकास की बुनियाद है और बेहतर शिक्षा के जरिए ही खगड़िया का भविष्य मजबूत होगा।

मौके पर विद्यालय के भू-दाता के पौत्र नयन कुमार, जदयू नेता दीपक सिन्हा, उमेश सिंह पटेल, महिला महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. प्रभाष कुमार, पूर्व मुखिया रामविलास महतो, सांसद प्रतिनिधि गयाधर कुमार, रामानंद सिंह, चंदन सिंह, मनीष कुमार, सुधीर सिंह और आनंद मोहन सहित विद्यालय परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

316 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App