खगड़िया, 16 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खगड़िया शहर के अग्रसेन भवन में ह्यूमैनिटी ब्लड डोनर्स ट्रस्ट की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल समेत कुल 60 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता और सामाजिक सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों, IMA और IDA के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने फीता काटकर किया। इसके बाद विधायक बबलू कुमार मंडल, नगर परिषद खगड़िया की चेयरमैन अर्चना कुमारी, सांसद प्रतिनिधि पवन जायसवाल, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष मनीष कुमार समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया।
विधायक बबलू मंडल ने खुद किया रक्तदान
शिविर में विधायक बबलू कुमार मंडल ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महान सामाजिक कार्य है। स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि किसी व्यक्ति का दिया हुआ रक्त जरूरत के समय किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम में नगर परिषद खगड़िया की चेयरमैन अर्चना कुमारी का ह्यूमैनिटी ब्लड डोनर्स ट्रस्ट की ओर से शॉल एवं मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया गया। उन्होंने ट्रस्ट के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान जैसे अभियान समाज को जोड़ने और जरूरतमंदों की मदद करने का प्रभावी माध्यम हैं।
रक्तवीरों का किया गया सम्मान
टाउन थाना के इंस्पेक्टर राकेश कुमार गुप्ता ने रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने वाला प्रत्येक व्यक्ति समाज के लिए प्रेरणा है। ऐसे प्रयासों से सेवा और मानवता की भावना मजबूत होती है।

ह्यूमैनिटी ब्लड डोनर्स ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. जैनेन्द्र नाहर ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष प्रणव प्रभात, संतोष कुमार गोलू, कोषाध्यक्ष मिरगांक कुमार, संस्थापक मनीत सिंह ‘मन्नू’, विकास कुमार, रोहित चमरिया, विनीत फोगला, अमित बजाज, साकेत जालान, रोशन तुलस्यान, अमित अनुराग समेत ट्रस्ट के अन्य सदस्य और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ह्यूमैनिटी ब्लड डोनर्स ट्रस्ट की ओर से लगातार रक्तदान शिविरों के माध्यम से युवाओं और आम लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाता है। ट्रस्ट का लक्ष्य है कि रक्त की कमी के कारण किसी जरूरतमंद मरीज को परेशानी का सामना न करना पड़े।

