गोगरी (खगड़िया)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर रामपुर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। छठ मेला समिति की टीम लगातार विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को भाजपा नेता मनीष कुमार, छठ मेला मंत्री करण कमांडो, मेला प्रभारी एवं सरपंच नूर आलम ने सहयोगियों के साथ मुश्कीपुर कोठी और रामपुर स्थित छठ घाटों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने नदी की गहराई, हाईटेंशन बिजली पोल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित घाट समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने को कहा गया।
16 से 22 नवंबर तक चलेगा छठ मेला
समिति के अनुसार, 16 नवंबर से 22 नवंबर तक छठ मेला का आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ कुश्ती प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहेगी।
17 और 18 नवंबर को होगा भव्य दंगल
17 एवं 18 नवंबर को दोपहर से भव्य दंगल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें उत्तर प्रदेश के लखनऊ से महिला पहलवान खुशी यादव, बनारस से मधु उपाध्याय, गोरखपुर से रिया यादव, आगरा से राहुल पहलवान और एटा से इमरान पहलवान सहित दर्जनों पहलवान हिस्सा लेंगे।
पूर्व सांसद करेंगे मेले का उद्घाटन
छठ मेला का उद्घाटन राष्ट्रीय जनता दल के उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद चौधरी महबूब अली केसर और सिमरी बख्तियारपुर के पूर्व विधायक युसूफ सलामुद्दीन करेंगे।
छठ मेला को लेकर समिति के सदस्यों की सक्रियता से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मेले के आयोजन का इंतजार है।
