बिना अनुमति थाना से अनुपस्थित रहने का आरोप, पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर डीआईजी ने की कार्रवाई
खगड़िया: छठ पूजा-2026 की तैयारियों के बीच खगड़िया पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बिना सूचना और सक्षम अधिकारी की अनुमति के थाना से अनुपस्थित रहने के आरोप में परबत्ता थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आगामी छठ पूजा के मद्देनजर 13 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक खगड़िया ने परबत्ता क्षेत्र के अगुवानी छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान निरीक्षण एवं भ्रमण के क्रम में परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार थाना से अनुपस्थित पाए गए।
इस संबंध में जब अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोगरी से जानकारी ली गई तो बताया गया कि थानाध्यक्ष तीन दिनों की छुट्टी स्वीकृत होने की बात कहकर थाना से प्रस्थान कर गए थे। हालांकि, पुलिस अधीक्षक खगड़िया के स्तर से उन्हें किसी भी प्रकार की छुट्टी स्वीकृत नहीं की गई थी।
छुट्टी बंद होने के बावजूद थाना से रहे अनुपस्थित
ताय पुलिस मुख्यालय की ओर से आगामी छठ पर्व-2026 को लेकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर सभी प्रकार के अवकाश बंद किए गए थे। इसके बावजूद थानाध्यक्ष का बिना स्वीकृति थाना से अनुपस्थित रहना अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता एवं वरीय पदाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना माना गया।
डीआईजी ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित
पुलिस अधीक्षक खगड़िया के अनुशंसा प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, बेगूसराय क्षेत्र, बेगूसराय ने परबत्ता थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
