खगड़िया। बिहार विधानसभा के विस्तारित भवन में सोमवार को पर्यटन उद्योग समिति की ओर से ग्रामीण विकास विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने अपने विधानसभा क्षेत्र की जर्जर ग्रामीण सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। विधायक ने वर्षों से खराब पड़ी सड़कों की मरम्मत, पुनर्निर्माण और जरूरत वाले क्षेत्रों में नई सड़कें बनाने की मांग करते हुए विभागीय स्तर पर ठोस कार्रवाई की आवश्यकता जताई।
विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली ग्रामीण सड़कें लंबे समय से खराब स्थिति में हैं। बारिश के मौसम में इन सड़कों की स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कों का बेहतर नेटवर्क शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार तक लोगों की पहुंच को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इन सड़कों की मरम्मत की मांग
समीक्षा बैठक में विधायक बबलू कुमार मंडल ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजनाओं के तहत जर्जर सड़कों का व्यापक सर्वेक्षण कराकर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने की मांग रखी।
उन्होंने विशेष रूप से मेहसौड़ी से अमनी, सोनमनकी रोड से माड़र, सोनमनकी रोड से सिमराहा तथा बछौता से बिशनपुर तक की सड़कों की मरम्मत की आवश्यकता बताई।
इसके अलावा बखरी-खगड़िया पथ के सौराय ढाला से सौराय गांव (रेलवे पटरी) तक, सोनमनकी-खगड़िया पथ के रोज बर्ड स्कूल से भिरयाही पोखर होते हुए अलौली पथ तक तथा दुर्गापुर से मथार दियारा तक की सड़क की स्थिति पर भी विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया।
विधायक ने कहा कि सिर्फ कुछ चिन्हित सड़कों की मरम्मत से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। पूरे विधानसभा क्षेत्र की ग्रामीण सड़कों का विभागीय स्तर पर सर्वेक्षण कराया जाना चाहिए। सर्वेक्षण के बाद सड़क की स्थिति और आवश्यकता के आधार पर प्राथमिकता तय कर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए।
दो नई सड़कों के निर्माण की मांग
बैठक में विधायक ने दो नई ग्रामीण सड़कों के निर्माण की मांग भी रखी। उन्होंने खगड़िया-अलौली पथ के भिरयाही पोखर से बिशनपुर ढाला तक तथा सोनमनकी से बलोर लोहा पुल तक नई सड़क निर्माण की आवश्यकता बताई।
विधायक के अनुसार, इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा और बड़ी आबादी को मुख्य मार्गों से बेहतर संपर्क मिल सकेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
कागजी प्रक्रिया नहीं, धरातल पर कार्रवाई की मांग
विधायक ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि सड़क से जुड़ी समस्याओं को केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रखा जाए। उन्होंने स्थल निरीक्षण, तकनीकी जांच और सर्वेक्षण के बाद स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्य धरातल पर शुरू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष लगातार उठाना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, जलनिकासी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामलों के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर पहल जरूरी है।
समीक्षा बैठक में ग्रामीण सड़कों से जुड़े मुद्दे उठाए जाने के बाद खगड़िया विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में विभागीय कार्रवाई की उम्मीद बढ़ी है। विधायक ने जर्जर सड़कों की मरम्मत के साथ-साथ आवश्यकता वाले क्षेत्रों में नई सड़कों के निर्माण को भी प्राथमिकता देने की मांग की।

