खगड़िया। शहर के बलुआही ठाकुरबाड़ी परिसर में झूलन महोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाली अंतरराज्यीय कुश्ती (दंगल) प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर शनिवार को दंगल कमिटी की आवश्यक बैठक हुई। बैठक में प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बलुआही ठाकुरबाड़ी में 24 से 27 अगस्त तक अंतरराज्यीय दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में बिहार के अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के पहलवानों के भाग लेने की संभावना है।
दंगल को लेकर अखाड़े में विधि-विधान से ध्वजारोहण भी किया जा चुका है। परंपरा के अनुसार ध्वजारोहण के बाद ही पहलवान अखाड़े में अभ्यास शुरू करते हैं। स्थानीय पहलवान भी प्रतियोगिता की तैयारी में जुट गए हैं।
बैठक में समिति के सदस्यों ने आयोजन स्थल, पहलवानों के स्वागत, व्यवस्था तथा प्रतियोगिता को व्यवस्थित एवं भव्य तरीके से संपन्न कराने को लेकर विचार-विमर्श किया। समिति के सदस्य एवं वार्ड पार्षद रणवीर कुमार ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी झूलन महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है।
झूलन महोत्सव के दौरान 24 से 26 अगस्त तक भजन-कीर्तन तथा 27 और 28 अगस्त की रात सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 24 से 28 अगस्त तक ठाकुर जी की आरती, भोग और महाप्रसाद वितरण भी होगा।

