लाइट, सीसीटीवी कैमरे, चेंजिंग रूम और बैरिकेडिंग की होगी व्यवस्था, घाट तक जाने वाले रास्ते का भी कराया गया समतलीकरण
खगड़िया। लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर परिषद खगड़िया के वार्ड संख्या-30 स्थित योगीराज डॉ. रामनाथ अघोरी बाबा छठ घाट पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट की साफ-सफाई के साथ-साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्ते का समतलीकरण कराया जा रहा है।
वार्ड पार्षद सह सशक्त स्थायी समिति की सदस्य रूबी कुमारी एवं पूर्व वार्ड पार्षद सह राजद जिला मीडिया प्रभारी रणवीर कुमार ने बताया कि एमजी मार्ग मुख्य सड़क से अघोरी स्थान छठ घाट तक जाने वाले रास्ते की सफाई कर उसे समतल कराया गया है। इससे दंड प्रणाम करते हुए घाट तक पहुंचने वाले छठव्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
घाट पर नगर परिषद के सफाईकर्मियों के माध्यम से गंदगी हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रत्येक वर्ष गंडक नदी में बाढ़ आने के कारण घाट की सीढ़ियों पर मिट्टी एवं कचरा जमा हो जाता है। इस बार सीढ़ियों की सफाई के लिए अतिरिक्त मजदूरों को भी लगाया गया है।
पूर्व वार्ड पार्षद रणवीर कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा के विसर्जन से पहले ही घाट की सात सीढ़ियों से मिट्टी एवं कचरा हटवा दिया गया था। अब नदी का जलस्तर कम होने से कुछ और सीढ़ियां पानी से बाहर आ गई हैं। उन पर जमी मिट्टी एवं गंदगी को भी हटाया जा रहा है, ताकि छठ पूजा से पहले घाट को पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए घाट पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इसके तहत पर्याप्त रोशनी के लिए लाइट, सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे, महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम, गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए नदी में बैरिकेडिंग और सहायता शिविर की व्यवस्था की जाएगी।
रूबी कुमारी एवं रणवीर कुमार ने कहा कि छठ महापर्व लोकआस्था, पवित्रता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। उनका प्रयास है कि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा सभी लोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
