अपना बिहारबड़ी खबर

सिवान फायरिंग पर बड़ा एक्शन: गोली चलाने वाला सिपाही निलंबित, विभागीय जांच शुरू

1 Mins read

बिहार पुलिस मुख्यालय का प्रेस विज्ञप्ति जारी, तीन घायलों के बयान पर दर्ज हुई तीन अलग-अलग एफआईआर

पटना/सिवान | NB18 बिहार

सिवान शहर में 25 जुलाई को जेपी चौक के पास हुई फायरिंग की घटना पर बिहार पुलिस मुख्यालय ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी पर तैनात सिपाही अभिषेक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बंद समर्थकों की भीड़ के दौरान सरकारी संपत्ति और जनसुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से सिपाही ने चार राउंड हवाई फायरिंग की थी। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल पर किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

तीन घायल मिले, लेकिन अलग-अलग स्थानों पर

पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, बाद में तीन युवक घायल पाए गए। इनमें—

मो. आरिफ (17 वर्ष) – हाफिज चौक पर घायल

आकाश कुमार (22 वर्ष) – हाफिज चौक पर घायल

बुलेट कुमार गौड़ (20 वर्ष) – ट्रैफिक थाना के पास घायल

पुलिस का दावा है कि ये तीनों स्थान जेपी चौक से करीब 1.5 से 2 किलोमीटर दूर हैं। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत खतरे से बाहर है। इलाज के लिए उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल भेजा गया, जहां से मो. आरिफ को छुट्टी भी मिल चुकी है।

तीनों के बयान पर दर्ज हुई अलग-अलग एफआईआर

घायलों के फर्दबयान के आधार पर सिवान नगर थाना में तीन अलग-अलग कांड दर्ज किए गए हैं—

कांड संख्या 721/26 – बुलेट कुमार गौड़ के बयान पर

कांड संख्या 722/26 – आकाश कुमार के बयान पर

कांड संख्या 723/26 – मो. आरिफ कुरैशी के बयान पर

इन सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।

पुलिस मुख्यालय का संदेश

बिहार पुलिस मुख्यालय ने साफ किया है कि घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सिपाही को निलंबित कर दिया गया है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, दर्ज एफआईआर के आधार पर पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Install App