क्राइमखगड़ियाबड़ी खबर

खगड़िया में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार; हथियार बनाने के 26 तरह के उपकरण बरामद

1 Mins read

एसपी भानु प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता कर दी कार्रवाई की जानकारी, मुंगेर के दो कारीगर भी पकड़े गए

खगड़िया। जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महेशखूंट थाना क्षेत्र के हरदयाल नगर बन्नी में चल रही एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने उद्भेदन किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, दो अर्धनिर्मित पिस्टल सहित हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले बड़ी संख्या में उपकरण बरामद किए हैं।

एसपी भानु प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि हरदयाल नगर बन्नी में कुछ लोगों द्वारा मिनी गन फैक्ट्री संचालित कर अवैध हथियारों का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एसटीएफ, जिला आसूचना इकाई (DIU) और महेशखूंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की।

घर के पीछे चल रहा था हथियार बनाने का काम

पुलिस के मुताबिक हथियार निर्माण का यह काम हरदयाल नगर बन्नी निवासी सुलेखा देवी के घर के पीछे बने केलाबाड़ी क्षेत्र में संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन कुमार यादव, निवासी टीकारामपुर बिहारी मरर टोला, मुफस्सिल थाना क्षेत्र, मुंगेर; मो. बाबर, निवासी मिर्जापुर बरदह, मुफस्सिल थाना क्षेत्र, मुंगेर और सुलेखा देवी, पति संजय कुमार सिंह, निवासी हरदयाल नगर बन्नी, महेशखूंट, खगड़िया के रूप में की गई है।

एक देसी कट्टा और दो अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद

पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक देसी कट्टा, दो अर्धनिर्मित पिस्टल और पिस्टल के दो बैरल समेत हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। इसके अलावा ड्रिल मशीन, लेथ मशीन, कटर, प्लास, हथौड़ी, पेचकस, लोहे के पाइप, स्क्रू-पेच, ड्रिल रॉड समेत 26 प्रकार के उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 6,300 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

मुंगेर से बुलाए गए थे हथियार बनाने के कारीगर

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मुंगेर के दो लोग हथियार निर्माण के कारीगर हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मिनी गन फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे हथियारों की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी और इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मो. बाबर के खिलाफ मुंगेर के मुफस्सिल, बरियारपुर और सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्रों में आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। वहीं अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच जारी है।

आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज

मामले में महेशखूंट थाना कांड संख्या 157/2026, दिनांक 26 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि मिनी गन फैक्ट्री कब से संचालित थी, यहां तैयार होने वाले हथियारों की खरीद-बिक्री किस नेटवर्क के जरिए होती थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

284 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App