खगड़ियाप्रदेश

बाढ़ के बीच विधायक बबलू मंडल की पहल, वार्ड 31 में शुरू कराया सामुदायिक किचेन

1 Mins read

एनएच-31 पर शरण लिए बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर बांटी पॉलीथिन शीट, प्रभावित इलाकों में राहत बढ़ाने के निर्देश

खगड़िया। जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने राहत कार्यों को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। मंगलवार को उन्होंने खगड़िया नगर परिषद के वार्ड संख्या 31 में सामुदायिक किचेन का उद्घाटन किया। इस दौरान विधायक ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर चल रही राहत व्यवस्था की जानकारी ली।

विधायक ने एनएच-31 पर शरण लिए बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण जिन परिवारों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है, उन्हें बारिश और मौसम की परेशानी से बचाने के लिए आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

बबलू कुमार मंडल ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, रहने की व्यवस्था और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

विधायक ने बताया कि रहीमपुर दक्षिणी, रहीमपुर उत्तरी और रहीमपुर मध्य पंचायत के अलावा मानसी प्रखंड के पूर्वी ठाठा पंचायत के चैधा बांध, जालिम बाबू टोला और मटिहानी क्षेत्र में भी प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि खगड़िया नगर परिषद के वार्ड 19, 30 और 31 में भी राहत कार्य चल रहा है। जहां भोजन की आवश्यकता है, वहां सामुदायिक किचेन संचालित कर बाढ़ पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को उनकी जरूरत के अनुसार राहत उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासनिक टीमों को लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने और जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।

उन्होंने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार, प्रशासन और जनप्रतिनिधि उनके साथ खड़े हैं। बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक जरूरत के अनुसार राहत कार्य जारी रहेगा।

मौके पर वार्ड पार्षद शिवराज यादव, जेडीयू नेता दीपक सिन्हा, उमेश सिंह पटेल सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

 

298 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App