दीपावली और छठ पर भी बनाए रखें आपसी सौहार्द, शांतिपूर्ण त्योहार मनाना सुलझे हुए समाज की निशानी : विधायक
खगड़िया। जिले में दुर्गापूजा का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होने पर सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने जिलेवासियों, एनडीए कार्यकर्ताओं और जिला प्रशासन के अधिकारियों को साधुवाद दिया है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, आपसी भाईचारे और प्रशासन की सजगता से दुर्गापूजा का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
विधायक ने जिलेवासियों की सराहना करते हुए कहा कि लोगों ने जिस संयम, समझदारी और सूझबूझ के साथ दुर्गापूजा मनाई, वह एक जागरूक और सुलझे हुए समाज की पहचान है। त्योहार केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में आम नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसके साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस की सतर्कता एवं व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास भी सराहनीय हैं। सभी के सामूहिक सहयोग से ही जिले में शांति और सौहार्द का वातावरण कायम रहता है।
दीपावली और छठ पर भी सौहार्द बनाए रखने की अपील
विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि आने वाले दिनों में दीपावली और लोक आस्था का महापर्व छठ मनाया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि आगामी त्योहारों को भी आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। साथ ही प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सामाजिक एकता को मजबूत बनाए रखें।
उन्होंने विश्वास जताया कि खगड़िया के लोग इसी जिम्मेदारी और समझदारी का परिचय देते हुए आगामी त्योहारों को भी शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में अपना सहयोग देंगे। विधायक ने कहा कि शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
