खगड़िया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर परिषद क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नगर सभापति अर्चना कुमारी ने रामचंद्रा छठ पूजा घाट, विद्याधार छठ पूजा घाट एवं मथुरापुर छठ पूजा घाट का निरीक्षण कर तैयारियों और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, कचरे का उठाव, श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए पहुंच पथ, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं।
नगर सभापति ने स्पष्ट किया कि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए घाटों पर साफ-सफाई और रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी दुरुस्त रखा जाए, ताकि अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने संबंधित कर्मियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में लोक आस्था का महापर्व मना सकें।
