खगड़ियाबड़ी खबर

नगर परिषद खगड़िया की कार्यशैली पर सांसद राजेश वर्मा सख्त, कार्यपालक पदाधिकारी के तत्काल स्थानांतरण की मांग

1 Mins read
मंत्री को पत्र लिखकर उठाए प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल, कहा- विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब से प्रभावित हो रहा शहर

खगड़िया। नगर परिषद खगड़िया की कार्यशैली और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। नगर परिषद में विकास कार्यों की धीमी गति, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की कथित अनदेखी और प्रशासनिक समन्वय की कमी का मामला उठाते हुए सांसद ने बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री को पत्र लिखकर कार्यपालक पदाधिकारी सिंधु कमल के तत्काल स्थानांतरण की मांग की है।

23 नवंबर 2026 को जारी पत्र में सांसद ने नगर परिषद की मौजूदा प्रशासनिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा है कि कार्यपालक पदाधिकारी की कार्यशैली से नगर परिषद के विकास कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। सड़क एवं नाला निर्माण, साफ-सफाई, आवश्यक नागरिक सुविधाओं और अन्य जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब हो रहा है।

सांसद ने पत्र में नगर परिषद की सभापति अर्चना कुमारी एवं विभिन्न वार्ड पार्षदों की ओर से लगातार शिकायत मिलने का भी उल्लेख किया है। उन्होंने कहा है कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा और उनके साथ समन्वय के अभाव में बोर्ड की बैठकों के संचालन तक में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। इससे नगर परिषद की सामान्य प्रशासनिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

जनप्रतिनिधियों के सम्मान और विकास कार्यों पर दिया जोर

सांसद राजेश वर्मा ने अपने पत्र में कहा है कि जनहित के कार्यों को गति देना और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करना कार्यपालक पदाधिकारी की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद मौजूदा कार्यशैली से विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पा रही है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की गरिमा के प्रतिकूल बताया है।

सांसद ने नगर विकास एवं आवास मंत्री से आग्रह किया है कि नगर परिषद खगड़िया के सुचारु संचालन, जनप्रतिनिधियों की गरिमा और व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए वर्तमान कार्यपालक पदाधिकारी सिंधु कमल का तत्काल स्थानांतरण किया जाए तथा उनके स्थान पर किसी योग्य, संवेदनशील एवं विकासोन्मुख पदाधिकारी की पदस्थापना सुनिश्चित की जाए।

पत्र की प्रतिलिपि नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

सांसद की इस पहल के बाद नगर परिषद खगड़िया की प्रशासनिक कार्यशैली और विकास कार्यों को लेकर मामला राज्य सरकार के स्तर तक पहुंच गया है। अब विभाग की ओर से इस शिकायत पर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर शहरवासियों और नगर परिषद से जुड़े जनप्रतिनिधियों की नजर रहेगी।

449 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच News Bihar 18 बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को आप तक पहुँचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य है—तथ्यों पर आधारित, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुँचाना, ताकि हर नागरिक तक सही जानकारी पहुँचे और जनता के मुद्दों को प्रमुखता मिले। हमारी पहचान - निष्पक्ष खबर - तथ्यपरक जानकारी - जनसरोकार की पत्रकारिता - जनता के सवाल, जनता की आवाज 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 वेबसाइट: newsbihar18.com ✉️ ईमेल: nb18bihar@gmail.com ☎️ संपर्क: 9430620477 News Bihar 18 — खबरें जो सच दिखाए।
Articles

Leave a Reply

Install App