राष्ट्रीय प्रधान महासचिव मनीष कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा- जिले में पार्टी का विस्तार कर संगठन को बनाएं और मजबूत, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार दास ने सदस्यता अभियान पर दिया जोर
खगड़िया। इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी (IIP) की जिला इकाई की ओर से महान वीरांगना झलकारी बाई की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कोशी सेंट्रल स्कूल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वीरांगना झलकारी बाई के त्याग, साहस और देशभक्ति को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस दौरान संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान और जिले में पार्टी के विस्तार को लेकर भी विशेष चर्चा हुई।
कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव मनीष कुमार सिंह और राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनोज दांती ने की, जबकि मंच संचालन जिला प्रधान महासचिव घनश्याम कुशवाहा ने किया।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय प्रधान महासचिव मनीष कुमार सिंह ने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई त्याग, साहस और समर्पण की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने महारानी लक्ष्मीबाई के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देशभक्ति, त्याग और सामाजिक एकजुटता का संदेश देते हैं। साथ ही कार्यकर्ताओं में आपसी समन्वय और संगठन के प्रति समर्पण की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने खगड़िया जिला इकाई की सराहना करते हुए संगठन को और व्यापक बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव और पंचायत-पंचायत तक पहुंचकर पार्टी की विचारधारा को लोगों के बीच रखें तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ें।
वहीं, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार दास ने कहा कि खगड़िया में इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी की जिला इकाई मजबूत स्थिति में है, लेकिन संगठन को और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने व्यापक सदस्यता अभियान चलाने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की ताकत देता है।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव संजय तांती, जिला संरक्षक भूदेव, अखिल भारतीय पान महासंघ (ABPM) के जिला प्रधान महासचिव बहादुर तांती, जिला अध्यक्ष रामचंद्र तांती, युवा जिला अध्यक्ष राजकुमार तांती, पिंटू शर्मा, प्रदीप दास तथा एबीपीएम बेलदौर के प्रखंड अध्यक्ष इंद्रजीत तांती सहित दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से वीरांगना झलकारी बाई के संघर्ष और बलिदान को याद करने के साथ-साथ खगड़िया में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा पार्टी का जनाधार बढ़ाने का संदेश दिया गया।
