महदीपुर किसान महापंचायत में जमीन की रसीद नहीं कटने, खरीद-बिक्री पर रोक और जलजमाव का मुद्दा उठा; सांसद ने किसानों के बीच जमीन पर बैठकर दिया एकजुटता का संदेश
खगड़िया। किसानों के सम्मान और उनके अधिकारों की लड़ाई का संदेश देने के लिए खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने मंगलवार को महदीपुर में ऐसा कदम उठाया, जिसकी महापंचायत में खूब चर्चा हुई। किसान जमीन पर बैठकर अपनी समस्याएं रख रहे थे। यह देखकर सांसद ने मंच पर रखा सोफा हटवा दिया और खुद भी किसानों के बीच जमीन पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब देश का अन्नदाता जमीन पर बैठा है तो वे भी जमीन पर ही बैठेंगे। सांसद के इस अंदाज का किसानों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।

दरअसल, परबत्ता प्रखंड के महदीपुर स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में किसानों की समस्याओं को लेकर किसान महापंचायत आयोजित की गई थी। इसमें खगड़िया सांसद राजेश वर्मा और परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य शामिल हुए। किसानों ने दोनों जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर अपनी जमीन की राजस्व रसीद नहीं कटने, जमीन की खरीद-बिक्री पर लगी रोक और जलजमाव जैसी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए सांसद राजेश वर्मा ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनके अधिकारों की लड़ाई में वे मजबूती से साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि किसानों की जायज मांगों को लेकर जरूरत पड़ी तो सरकार के सामने भी आवाज बुलंद करेंगे। किसानों के हितों के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्नदाता के अधिकारों और सम्मान से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
जमीन की रसीद और खरीद-बिक्री पर रोक से परेशान हैं किसान
महापंचायत में किसानों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि जमीन की राजस्व रसीद नहीं कटने और जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा जलजमाव की समस्या भी किसानों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। किसानों ने इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन और सरकार के स्तर पर पहल करने की मांग की।
किसानों के बीच जमीन पर बैठकर दिया सम्मान का संदेश
कार्यक्रम में सांसद राजेश वर्मा निर्धारित समय पर पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर जब उन्होंने किसानों को जमीन पर बैठे देखा तो मंच संचालक अंशु कुमार से माइक लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब हमारे अन्नदाता जमीन पर बैठे हैं तो वे भी जमीन पर ही बैठेंगे। इसके बाद उन्होंने मंच से सोफा हटवा दिया और किसानों के बीच जमीन पर अपना आसन जमा लिया। सांसद के इस व्यवहार ने महापंचायत में मौजूद किसानों का ध्यान खींचा।
महापंचायत में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर अखिलेश यादव, पूर्व मुखिया राजेंद्र प्रसाद सिंह, उपसरपंच प्रतिनिधि अंशु भारती, पैक्स अध्यक्ष अद्यानंद मेहता, दिवाकर शर्मा, देवठा के मुखिया आलोक शर्मा, पूर्व मुखिया सिकंदर शर्मा, श्रवण कुमार, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रोहिन कुमार, गजेंद्र सिंह निषाद और शैलेन्द्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
