निजी कोष से पोकलेन मशीन लगवाकर शुरू कराया सफाई कार्य, दो वर्षों से खेती प्रभावित होने के बाद किसानों को रबी फसल की बुआई की जगी आस
खगड़िया। इटवा स्लुइस गेट पर वर्षों से जमा गाद और जलनिकासी की समस्या को लेकर किसानों की परेशानी अब दूर होने की उम्मीद जगी है। खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा की पहल पर मंगलवार को उनके निजी कोष से पोकलेन मशीन लगवाकर गाद निकासी का काम शुरू कराया गया। सांसद के निर्देश पर सांसद प्रतिनिधि पवन जायसवाल ने मौके पर मशीन पहुंचवाकर सफाई कार्य की शुरुआत कराई।
इटवा स्लुइस गेट पर गाद जमा होने के कारण लंबे समय से पानी की निकासी बाधित थी। इसका खामियाजा आसपास के सैकड़ों किसानों को भुगतना पड़ रहा था। स्थानीय किसानों के मुताबिक, पिछले दो वर्षों से खेतों में जलजमाव के कारण हजारों एकड़ कृषि भूमि पर खेती प्रभावित थी। समय पर फसल की बुआई नहीं होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था।
किसानों की समस्या पर सांसद ने की पहल
किसानों की इस समस्या की जानकारी मिलने के बाद सांसद राजेश वर्मा ने अपने स्तर से तत्काल पहल की और निजी कोष से पोकलेन मशीन लगवाकर गाद निकासी का कार्य शुरू कराया। सांसद की ओर से की गई इस व्यवस्था से अब स्लुइस गेट के रास्ते जलनिकासी सुचारू होने की उम्मीद है।
किसान सिकंदर कुमार यादव ने बताया कि इटवा स्लुइस गेट पर गाद जमा होने की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। इस मुद्दे को लेकर कई बार आवाज उठी, लेकिन किसानों को राहत नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि सांसद राजेश वर्मा को जब किसानों की वास्तविक परेशानी की जानकारी मिली तो उन्होंने बिना देर किए अपनी टीम को सफाई कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया।
रबी की खेती शुरू होने की जगी उम्मीद
गाद निकासी का कार्य पूरा होने और पानी का बहाव सामान्य होने पर आसपास के खेतों से जलजमाव दूर होने की संभावना है। इससे लंबे समय से प्रभावित कृषि भूमि पर दोबारा खेती शुरू हो सकेगी। किसानों को उम्मीद है कि समय रहते जलनिकासी बहाल होने से वे रबी फसल की बुआई कर पाएंगे और लगातार हो रहे आर्थिक नुकसान से राहत मिलेगी।
मौके पर मौजूद रहे एनडीए के नेता
गाद निकासी कार्य की शुरुआत के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष मनीष कुमार, पार्टी प्रवक्ता आशुतोष कुमार, विकास कुमार, निशांत प्रताप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सांसद की इस पहल के बाद क्षेत्र के किसानों में उम्मीद का माहौल है। किसानों ने राजेश वर्मा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान होने से उनकी खेती और आजीविका को फिर से गति मिल सकती है।
