खगड़िया। खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में लोग सुअरों के आतंक से खौफजदा हैं। शहर भर के चौक चौराहों पर गंदगियों को फैलाते ऐसे सुअरों को हटाने की मांगे अब जोड़ पकड़ रही है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद सफाई की बात करता है, लेकिन उसके सफाई कर्मी की सुअर ही शहर को गंदे कर रहे हैं। ऐसे में शहर की साफ सफाई का दावा बेईमानी है। गौरतलब है कि शहर में नप सफाई कर्मियों के सुअर को खुलेआम छोड़ने से जहां छोटे छोटे बच्चों के परिजन डरे सहमे हैं, वहीं इससे इंसानों में बीमारी फैलने का भी डर है। लोगों ने बताया कि शहर में सुअरों के कारण स्थिति बिगड़ती जा रही है।
नप सफाई कर्मियों ने छोड़ रखे हैं दर्जनों सुअर
बता दें कि नगर परिषद में सफाई कर्मियों ने अपने अपने सुअरों को शहर में खुला छोड़ रखा है। ये सुअर शहर में गंदगियों के साथ संक्रमण भी फैला सकते हैं। लेकिन लोगों की शिकायतों के बाद भी नगर परिषद इसको लेकर कोई ठोस कार्य नहीं कर रहा है। जिसके कारण स्थिति दिनों दिन और खराब हो रही है।
सफाई के नाम पर लाखों खर्च बेकार
नप क्षेत्र में रहने वाले लोगों की माने तो सफाई के नाम पर खगड़िया नगर परिषद पूरी तरह फिसड्डी है। गौरतलब है कि खगड़िया नगर परिषद के द्वारा सफाई कार्य मे प्रति माह लाखों रुपये खर्च किये जाते हैं। ऐसे में शहर में खुलेआम सुअर का विचरण करना और उसके द्वारा शहर को गंदगी किया जाना लोगों में नप के प्रति आक्रोश पैदा कर रहा है। हालांकि नप के अधिकारियों की माने तो उक्त सुअरों को कई बार शहर से हाटने की बात हुई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।

