खगड़ियाप्रदेश

3 पुलों का रास्ता फिर खुला: जिला संचालन समिति की रिपोर्ट मिलते ही शुरू होगी नई टेंडर प्रक्रिया

1 Mins read
विधानसभा में विधायक बबलू मंडल के सवाल पर सरकार ने दी जानकारी; पहले गलत दस्तावेज देने पर ठेकेदार का कार्यादेश हुआ था रद्द

खगड़िया। सदर प्रखंड के उत्तर माड़र पंचायत अंतर्गत बेलौर, बोचघसका और कमाथान में प्रस्तावित तीन हाई लेवल पुलों के निर्माण की उम्मीद फिर जगी है। विधानसभा में विधायक बबलू कुमार मंडल के तारांकित प्रश्न पर ग्रामीण कार्य विभाग ने बताया कि जिला संचालन समिति से प्राथमिकता सूची मांगी गई है। सूची मिलने, तकनीकी स्वीकृति और राशि उपलब्ध होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

पहली निविदा में नहीं मिला ठेकेदार, री-टेंडर के बाद भी अटका मामला

सरकार ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत कमाथान के बरसोटा घाट, बोचघसका के पास घोड़ाजन नदी और बेलौर के पास खोनमा धार नदी पर एक पैकेज में तीन हाई लेवल पुल प्रस्तावित हैं। पहली निविदा में कोई संवेदक नहीं मिला, जिसके बाद री-टेंडर कराया गया।

री-टेंडर में मैसर्स जय माता दी कंस्ट्रक्शन (यदुवंशम इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड जेवी) को 17 सितंबर 2025 को कार्यादेश जारी किया गया था। बाद में जांच में गलत दस्तावेज लगाए जाने की पुष्टि होने पर कंपनी को दो वर्षों के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया और 25 नवंबर 2025 को कार्यादेश भी निरस्त कर दिया गया।

अब संचालन समिति की रिपोर्ट का इंतजार

ग्रामीण कार्य विभाग ने विधानसभा में बताया कि अब जिला संचालन समिति से अनुमोदित पुलों की प्राथमिकता सूची मांगी गई है। सूची मिलने, तकनीकी स्वीकृति और निधि उपलब्ध होने के बाद नई निविदा की प्रक्रिया शुरू कर पुल निर्माण का रास्ता साफ किया जाएगा।

विधायक बोले- निर्माण शुरू होने तक प्रयास जारी रहेगा

विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि तीनों पुल क्षेत्र की जरूरत हैं और सरकार के संज्ञान में हैं। उन्होंने बताया कि जिला संचालन समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को प्राथमिकता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा ग्रामीण कार्य मंत्री को भी अलग से पत्र देकर जल्द कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा, “जब तक तीनों पुलों का निर्माण शुरू नहीं हो जाता, तब तक मैं लगातार प्रयास करता रहूंगा। क्षेत्र की जनता को आवागमन की समस्या से जल्द राहत दिलाना मेरी प्राथमिकता है।”

316 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App