खगड़िया

बलुआही ठाकुरबाड़ी में दंगल का रोमांच, 40 से अधिक मुकाबलों में पहलवानों ने दिखाया दमखम

1 Mins read

खगड़िया। बलुआही ठाकुरबाड़ी में चल रहे पांच दिवसीय झुलन महोत्सव के अवसर पर आयोजित चार दिवसीय अंतरराज्यीय कुश्ती प्रतियोगिता का बुधवार को भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन 27 अगस्त को हुए फाइनल मुकाबलों में बिहार समेत उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और नेपाल से पहुंचे महिला एवं पुरुष पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का शानदार प्रदर्शन किया।

बलुआही ठाकुरबाड़ी कुश्ती (दंगल) कमिटी के सदस्य एवं पूर्व वार्ड पार्षद रणवीर कुमार ने बताया कि अंतिम दिन 40 से अधिक मुकाबले कराए गए। प्रतियोगिता में गाजीपुर, कानपुर, बनारस, झांसी, अयोध्या समेत उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, मध्य प्रदेश, नेपाल तथा बिहार के छपरा, पटना, बक्सर, भागलपुर, बेगूसराय और खगड़िया के विभिन्न क्षेत्रों से पहलवान पहुंचे थे।

रितेश पहलवान से भिड़ने पर था ₹25 हजार का इनाम, नहीं मिला कोई चुनौती देने वाला

प्रतियोगिता का एक खास आकर्षण गाजीपुर के राष्ट्रीय स्तर के पहलवान रितेश पहलवान रहे। कमिटी की ओर से घोषणा की गई थी कि रितेश पहलवान को कुश्ती में हराने वाले पहलवान को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। हालांकि निर्धारित चुनौती के बावजूद कोई पहलवान रितेश पहलवान से मुकाबला करने के लिए आगे नहीं आया।

पुरुष वर्ग में अंकित, विक्की और दीपक रहे अव्वल

पुरुष वर्ग में गाजीपुर के अंकित पहलवान ने प्रथम स्थान हासिल किया। खगड़िया बलौर के विक्की पहलवान दूसरे और रोहियार के दीपक पहलवान तीसरे स्थान पर रहे।

महिला वर्ग में भागलपुर की नंदिनी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। झारखंड की प्रियंका कुमारी द्वितीय तथा बनारस की खुशबू कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को पूर्व एमएलसी प्रत्याशी सह राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव, बलुआही निवासी विक्रम यादव एवं आमिर खान की ओर से नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

डॉ. आरएस रंजन समेत आयोजन समिति के सदस्य सम्मानित

कुश्ती प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विशेष सहयोग के लिए श्रुति हॉस्पिटल के डॉ. आरएस रंजन को युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी और राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने माला पहनाकर, अंगवस्त्र एवं पदचिह्न देकर सम्मानित किया।

वहीं आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बलुआही ठाकुरबाड़ी के सचिव संजय कुमार उर्फ वेदो यादव, कोषाध्यक्ष ई. नंदन यादव, कुश्ती कमिटी अध्यक्ष अंगद यादव, पूर्व वार्ड पार्षद सह दंगल कमिटी सदस्य रणवीर कुमार, सदस्य मनोज चौधरी, रोहित कुमार, प्रमोद साह, सकलदीप यादव, छेदी यादव और नवीन यादव को सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने माला पहनाकर, अंगवस्त्र एवं पदचिह्न देकर सम्मानित किया।

पांच दिवसीय झुलन महोत्सव के दौरान आयोजित इस अंतरराज्यीय दंगल ने बलुआही ठाकुरबाड़ी में खेल और पारंपरिक कुश्ती के प्रति लोगों के उत्साह को एक बार फिर सामने ला दिया।

285 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App