खगड़िया

गोगरी में 16 से 22 नवंबर तक लगेगा 42वां छठ मेला, रील्स पर 10 हजार का इनाम; एक मिलियन व्यूज लाने का मौका

1 Mins read
कुश्ती, कवि सम्मेलन, डांस और क्विज प्रतियोगिता समेत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम, 23 नवंबर को होगा प्रतिमा विसर्जन

गोगरी (खगड़िया)। नगर परिषद जमालपुर अंतर्गत रामपुर रोड में आयोजित होने वाले 42वें सात दिवसीय छठ मेले को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। रविवार को मेला आयोजन समिति की बैठक में 16 नवंबर से 22 नवंबर तक मेले के आयोजन और विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। वहीं, मेले की रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाली प्रतिभाओं के लिए भी खास घोषणा की गई है। मेला समिति के उपाध्यक्ष रोबिन स्मिथ ने ऐलान किया कि मेले से संबंधित रील्स पर एक मिलियन यानी 10 लाख व्यूज आने पर 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता मेला समिति के अध्यक्ष नागेश्वर प्रसाद यादव ने की। इसमें समिति के दर्जनों सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में उद्घाटन से लेकर मेला संपन्न होने तक की तैयारियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान समिति का विस्तार करते हुए जमालपुर निवासी परबत्ता विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

सात दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

मेला प्रभारी सरपंच नूर आलम ने बताया कि 16 नवंबर को मेले का उद्घाटन होगा। उद्घाटन के बाद शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 17 और 18 नवंबर को दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 19 नवंबर को दिन में कवि सम्मेलन और रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

20 नवंबर को डांस एवं भाषण प्रतियोगिता होगी। 21 नवंबर को ‘कौन बनेगा हजारपति’ की तर्ज पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, 22 नवंबर को जागरण कार्यक्रम होगा। इसके बाद 23 नवंबर को प्रतिमा का शांतिपूर्ण विसर्जन किया जाएगा।

रील्स बनाइए, 10 लाख व्यूज पर पाइए 10 हजार रुपये

मेले को सोशल मीडिया पर लोकप्रिय बनाने के लिए भी विशेष पहल की गई है। समिति के उपाध्यक्ष रोबिन स्मिथ ने घोषणा की कि मेले की रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले प्रतिभागी को एक मिलियन व्यूज मिलने पर 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इस पहल से युवाओं और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स को मेले से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

झूले, मीना बाजार और कई आकर्षण

रोबिन स्मिथ ने बताया कि इस बार मेले में नए-नए झूले, मीना बाजार और कई अन्य आकर्षण देखने को मिलेंगे। आयोजन समिति का प्रयास है कि श्रद्धालुओं और दर्शकों को मनोरंजन के साथ विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद भी मिले।

बैठक में ये लोग रहे मौजूद

बैठक में मेला मंत्री करण कमांडो, कार्यकारिणी अध्यक्ष मुकेश कुमार साह, मृत्युंजय गोप, मेला बाजार प्रभारी सुभाष साह, मंच संचालक संतोष प्रिंस, कुश्ती प्रभारी एवं मुखिया प्रतिनिधि शंकर यादव, वार्ड सदस्य अनिल पंडित, मदन जायसवाल, संजय कुमार, नीरज कुमार, श्याम रजक, राजेश यादव सहित समिति के दर्जनों सदस्य मौजूद थे।

NB18 | खबरें जो सच दिखाए

410 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App