अपना बिहारखगड़िया

गंगा कटाव पर आर-पार के मूड में सांसद राजेश वर्मा, बोले– अगली बार आऊंगा तो बंडाल निर्माण की स्वीकृति के लिए ठोस पहल होगी

1 Mins read
हजारों लोगों के बीच बड़ा ऐलान: लोकसभा में गूंजेगा खगड़िया के कटाव पीड़ितों का दर्द, प्रधानमंत्री से भी करेंगे मुलाकात; रहीमपुर दक्षिणी, टीकारामपुर और मथार को स्थायी समाधान की उम्मीद

खगड़िया | 26 अक्टूबर।

गंगा कटाव से उजड़ने के डर के बीच जी रहे खगड़िया के तटीय इलाकों के लोगों की आवाज अब संसद से लेकर केंद्र और राज्य सरकार तक पहुंचाने की तैयारी है। खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने सोमवार को रहीमपुर दक्षिणी में कटाव प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद मथार के दुर्ग स्थान पर आयोजित जनसभा में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गंगा कटाव का मुद्दा आगामी लोकसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा। प्रधानमंत्री के समक्ष भी इस गंभीर समस्या को रखने और मजबूत बंडाल निर्माण के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

सांसद ने कहा कि अगली बार जब वह क्षेत्र में आएंगे, तब तक बंडाल निर्माण की डीपीआर तैयार कराने और उसकी स्वीकृति की दिशा में ठोस पहल करने का प्रयास रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि गंगा कटाव की समस्या को केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहने दिया जाएगा, बल्कि इसके स्थायी समाधान के लिए संबंधित सरकारों और विभागों के स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएंगे।

बुजुर्गों की उम्मीद, युवाओं का जोश; सांसद ने कहा- भरोसा टूटने नहीं देंगे

मथार के दुर्ग स्थान पर आयोजित जनसभा में रहीमपुर दक्षिणी, रहीमपुर मध्य, रहीमपुर उत्तरी और टीकारामपुर समेत आसपास के इलाकों से हजारों लोग जुटे। ग्रामीणों ने सांसद राजेश वर्मा और खगड़िया सदर विधायक बबलू मंडल का जोरदार स्वागत किया। सभा में सबसे प्रमुख मांग गंगा कटाव रोकने के लिए मजबूत बंडाल निर्माण की रही।

ग्रामीणों ने कहा कि कटाव के कारण उनकी जमीन, घर और आजीविका पर संकट बना हुआ है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बड़ी आबादी के सामने विस्थापन का खतरा बढ़ सकता है।

लोगों की पीड़ा और उम्मीदों का जिक्र करते हुए सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि यहां बैठे बुजुर्गों और माताओं की उम्मीदों को टूटने नहीं दिया जाएगा। युवाओं ने जिस उत्साह और विश्वास के साथ उनका स्वागत किया है, उस विश्वास को बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को गंगा कटाव से राहत दिलाने के लिए सकारात्मक पहल की दिशा में प्रयास तेज किए जाएंगे।

संसद में उठेगा मुद्दा, प्रधानमंत्री तक पहुंचाएंगे कटाव पीड़ितों की आवाज

सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि गंगा कटाव का स्थायी समाधान उनकी प्राथमिकताओं में है। इसके लिए आगामी लोकसभा सत्र में इस क्षेत्र की समस्या को सदन में उठाया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री से मुलाकात कर कटाव की गंभीरता और स्थानीय लोगों की परेशानियों से अवगत कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बंडाल निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराना और आवश्यक सरकारी स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाना जरूरी है। इसके लिए राज्य सरकार से लेकर केंद्र सरकार तक आवाज उठाई जाएगी, ताकि परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता तैयार हो सके।

सांसद ने साफ किया कि रहीमपुर दक्षिणी, टीकारामपुर, मथार और आसपास के गंगा तटीय इलाकों की समस्या को लगातार संबंधित मंचों पर उठाया जाएगा।

कटाव प्रभावित इलाके में पहुंचे सांसद, अधिकारियों को दिए निर्देश

जनसभा से पहले सांसद राजेश वर्मा ने विधायक बबलू मंडल के साथ रहीमपुर दक्षिणी पंचायत में गंगा कटाव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर कटाव की स्थिति और उससे पैदा हो रही परेशानियों की जानकारी ली। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को कटावरोधी कार्यों को प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए, ताकि गंगा किनारे बसे लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें।

दौरे के दौरान सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं को सुनना ही नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करना भी जरूरी है।

विधायक बबलू मंडल बोले- कटाव रोकने के लिए होंगे प्रयास

जनसभा को संबोधित करते हुए खगड़िया सदर विधायक बबलू मंडल ने कहा कि क्षेत्र में सड़क और गंगा कटाव की समस्याओं के समाधान के लिए पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इस संबंध में मुलाकात हुई है। विधायक ने कटाव रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने और लोगों को राहत दिलाने की दिशा में प्रयास जारी रखने का भरोसा दिया।

शहीद जवान पमपम चौधरी को दी श्रद्धांजलि

क्षेत्रीय दौरे के दौरान सांसद राजेश वर्मा रहीमपुर उत्तरी पंचायत के सोनवर्षा गांव पहुंचे। वहां उन्होंने सीआरपीएफ में तैनात रहे शहीद हवलदार स्वर्गीय पमपम चौधरी के आवास पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विधायक बबलू मंडल भी मौजूद रहे। सांसद ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

उन्होंने कहा कि देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष का जाना हालचाल

सांसद ने खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के एमजी रोड निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रविशचंद्र सिन्हा के आवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इससे पहले संसदीय कार्यालय में नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना

सांसद राजेश वर्मा ने गंगा कटाव के मुद्दे को लगातार उठाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण कुमार मुन्ना, इंजीनियर धर्मेंद्र, नागेंद्र त्यागी और विधायक बबलू मंडल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की पीड़ा को सरकार तक पहुंचाने और समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि डॉ. पवन जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, जदयू जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी, लोजपा जिलाध्यक्ष मनीष कुमार, रालोमो जिलाध्यक्ष परमानंद सिंह समेत एनडीए के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अब सबसे बड़ा सवाल: कब बनेगा मजबूत बंडाल?

गंगा कटाव से प्रभावित गांवों के लोगों को सांसद के ऐलान से उम्मीद जगी है। अब उनकी निगाहें डीपीआर तैयार कराने, परियोजना की तकनीकी प्रक्रिया आगे बढ़ने और सरकारी स्वीकृति के लिए होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं। क्षेत्र के लोग चाहते हैं कि वर्षों से चली आ रही कटाव की समस्या का स्थायी समाधान जल्द धरातल पर उतरे।

414 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App