अपना बिहारखगड़ियाबड़ी खबर

सांसद राजेश वर्मा की पहल रंग लाई, खगड़िया को मिली रेलवे की बड़ी सौगात; पाटलिपुत्र-पूर्णिया नई रात्रि ट्रेन को मंजूरी

1 Mins read

खगड़िया। खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के यात्रियों के लिए सांसद राजेश वर्मा की लगातार पहल आखिरकार रंग लाई है। वर्षों से लंबित रात्रिकालीन रेल सेवा की मांग को मंजूरी मिल गई है। पाटलिपुत्र जंक्शन से पूर्णिया के बीच नई रात्रि ट्रेन चलाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। ट्रेन संख्या 03215/03216 के संचालन से खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

संसद से रेल मंत्री तक सांसद ने उठाया था मुद्दा

सांसद राजेश वर्मा ने क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी और यात्रियों की सुविधा को लेकर इस मांग को लगातार प्रमुखता से उठाया। उन्होंने संसद के पटल पर मामला उठाने के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष भी मांग रखी। इसके अलावा संसदीय समिति की बैठकों में भी उन्होंने रात्रि रेल सेवा और महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव की आवश्यकता को मजबूती से रखा।

लगातार प्रयासों के बाद अब पाटलिपुत्र जंक्शन से पूर्णिया के बीच नई रात्रि ट्रेन को मंजूरी मिलना सांसद की पहल की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

हसनपुर रोड, खगड़िया, मानसी और सिमरी बख्तियारपुर में ठहराव

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नई ट्रेन का ठहराव हसनपुर रोड, खगड़िया, मानसी और सिमरी बख्तियारपुर में होगा। इससे इन क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को रात में यात्रा करने का बेहतर विकल्प मिलेगा।

खासकर पटना और पूर्णिया के बीच रात के समय आने-जाने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों और आम यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।

हसनपुर में वंदे भारत ठहराव के बाद एक और बड़ी उपलब्धि

सांसद राजेश वर्मा की रेल सुविधाओं से जुड़ी मांगों में यह पहली उपलब्धि नहीं है। इससे पहले हसनपुर रोड स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन के ठहराव की मांग भी पूरी हुई थी। अब नई रात्रि ट्रेन को मंजूरी मिलने से हसनपुर सहित पूरे खगड़िया लोकसभा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है।

सांसद बोले—जनता की सुविधाओं के लिए प्रयास जारी रहेगा

सांसद राजेश वर्मा ने इस रेल सुविधा की मंजूरी के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि खगड़िया लोकसभा क्षेत्र की जनता की सुविधाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।

सांसद ने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। नई रात्रि ट्रेन की मंजूरी को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Install App