खगड़िया। बाढ़ की विभीषिका के बीच खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अपने एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की है। विधायक ने कहा कि आपदा की घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा होना जनप्रतिनिधि का दायित्व है।
विधायक ने कहा कि खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में बाढ़ से गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई। रहीमपुर दक्षिणी, रहीमपुर उत्तरी और रहीमपुर मध्य पंचायत के अलावा मानसी प्रखंड के मटिहानी, जालिमबाबू टोला और पूर्वी ठाठा के चैधा बांध टोला के लोग बाढ़ से प्रभावित हुए। कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।
बबलू मंडल ने कहा कि बाढ़ का सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर, किसान, महिला, बच्चे और बुजुर्गों पर पड़ता है। ऐसे समय में राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के साथ प्रभावित परिवारों तक जरूरी सहायता पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
राहत के साथ पुनर्वास पर भी जोर
विधायक ने कहा कि प्रशासन और सरकार की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य चलाए गए हैं। लेकिन बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी लोगों की परेशानियां खत्म नहीं होतीं। घर, फसल, पशुधन, रोजगार और दैनिक जरूरतों से हुए नुकसान की भरपाई में समय लगता है। इसलिए राहत के साथ पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं की बहाली पर भी ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष में एक महीने का वेतन देने का निर्णय बाढ़ पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना से लिया गया है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों और जनप्रतिनिधियों से भी आपदा की घड़ी में प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
विधायक ने कहा कि खगड़िया विधानसभा क्षेत्र की जनता के साथ वे हर परिस्थिति में खड़े हैं और प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन एवं सरकार के स्तर पर लगातार प्रयास करते रहेंगे।

