बेलदौर थाना कांड संख्या 90/2025 में 11 महीने के भीतर आया फैसला, उत्पाद न्यायालय-2 ने सुनाई सजा; आर्म्स एक्ट की दो धाराओं में भी दोषी करार
खगड़िया। शराबबंदी और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े बेलदौर थाना के एक मामले में न्यायालय ने कड़ा फैसला सुनाया है। घर से करीब 37.14 लीटर अवैध विदेशी शराब, दो देसी कट्टा और 26 जिंदा कारतूस बरामद होने के मामले में अभियुक्त साजन कुमार को छह वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है। इसके साथ ही आर्म्स एक्ट की दो अलग-अलग धाराओं में भी कारावास और जुर्माने की सजा निर्धारित की गई है।
मामला बेलदौर थाना कांड संख्या 90/2025 से जुड़ा है। इस कांड के सूचक पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप साह के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने अभियुक्त साजन कुमार (22 वर्ष), पिता सुरेश सिंह, निवासी कुर्बन, थाना बेलदौर, जिला खगड़िया के घर पर छापेमारी की थी। पुलिस के पहुंचते ही अभियुक्त मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस बल ने घर की तलाशी ली, जहां से 37.14 लीटर अवैध विदेशी शराब के अलावा दो देसी कट्टा और 26 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
तीन धाराओं में सुनाई गई सजा
मामले की सुनवाई के बाद विशेष न्यायाधीश (उत्पाद)-2 प्रभाकर झा ने खुले न्यायालय में फैसला सुनाया। न्यायालय ने उत्पाद अधिनियम 2016 की धारा 30(ए) के तहत अभियुक्त को दोषी मानते हुए छह वर्ष के सश्रम कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा नहीं करने पर छह महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
वहीं, शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-B)(a) के तहत चार वर्ष के सश्रम कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई। जुर्माना नहीं देने पर तीन महीने का अतिरिक्त कारावास होगा।
इसके अलावा शस्त्र अधिनियम की धारा 26 के तहत दो वर्ष के कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा निर्धारित की गई। जुर्माना नहीं देने पर तीन महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
11 महीने में मुकदमे का निष्पादन
इस मामले की खास बात यह रही कि न्यायालय ने महज 11 महीने के भीतर वाद का निष्पादन कर फैसला सुना दिया। बताया गया कि इस मामले के अभियुक्त को बेलदौर थाना कांड संख्या 210/2025 से इस वाद में उपस्थापित कराया गया था।
सजा के बिंदु पर सरकार की ओर से विशेष लोक अभियोजक राजीव कुमार ने अपना पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता मृत्युंजय गांधी ने पैरवी की।
अवैध शराब के साथ हथियार और जिंदा कारतूस की बरामदगी से जुड़े इस मामले में आया फैसला जिले में शराबबंदी कानून और अवैध हथियारों के मामलों में न्यायिक कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
