खगड़िया। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में सफलता हासिल कर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) बने गोगरी प्रखंड के पटेल नगर भर्रा निवासी बिट्टू कुमार को खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने उनके आवास पहुंचकर बधाई दी। विधायक ने बिट्टू कुमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बिट्टू कुमार, स्व. बालेश्वर प्रसाद सिंह के बड़े पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। विधायक ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर इतनी बड़ी सफलता हासिल करना आसान नहीं होता। इसके लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति की जरूरत होती है।
उन्होंने कहा कि बिट्टू कुमार की सफलता सिर्फ उनके परिवार की उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे खगड़िया जिले के लिए गर्व की बात है। उनकी कामयाबी से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।
विधायक बबलू मंडल ने कहा, “हमारे गांव और कस्बों के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ सही दिशा और लगातार मेहनत की है। जब क्षेत्र के युवा प्रशासनिक और पुलिस सेवा जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचते हैं तो समाज का सम्मान बढ़ता है।”
उन्होंने उम्मीद जताई कि बिट्टू कुमार अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करेंगे तथा समाज और प्रदेश की सेवा में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस दौरान जदयू नेता दीपक सिन्हा, उमेश सिंह पटेल, महिला कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. प्रभाष कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने बिट्टू कुमार को उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

